

FIR On Naib Tehsildar Naveen Kumar: सरकारी नौकरी के दौरान अर्जित आय और खर्च के बीच बड़ा अंतर सामने आने के बाद फिरोजाबाद के सिरसागंज में नायब तहसीलदार रहे नवीन कुमार सतर्कता जांच के घेरे में आ गए हैं। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान की आगरा सेक्टर टीम की खुली जांच में उनकी ज्ञात वैध आय के मुकाबले 55 लाख रुपये से अधिक का अतिरिक्त खर्च पाया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर अब उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
सतर्कता विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश शासन के सतर्कता अनुभाग के आदेश पर नवीन कुमार की आय, संपत्तियों और खर्च से संबंधित खुली जांच की गई। जांच के दौरान निर्धारित अवधि में उनके सभी ज्ञात वैध आय स्रोतों से 31,69,951 रुपये की आय सामने आई।
इसके विपरीत इसी अवधि में परिसंपत्तियां अर्जित करने और भरण-पोषण सहित अन्य मदों पर 86,70,886 रुपये खर्च किए जाने का आकलन किया गया। इस तरह आय और खर्च के बीच 55,00,935 रुपये का अंतर मिला।
जानकारी के मुताबिक सतर्कता जांच में इस अतिरिक्त खर्च को उनकी ज्ञात वैध आय से अनानुपातिक माना गया। इसके बाद आगरा सेक्टर के सतर्कता थाने में मु.अ.सं. 12/2026 दर्ज किया गया है।
मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम-1988 की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत कार्रवाई की गई है। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि अतिरिक्त रकम किन स्रोतों से जुटाई गई और जांच में सामने आई परिसंपत्तियों का वास्तविक स्वरूप क्या है।
बता दें कि सतर्कता अधिष्ठान आगरा के पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा ने लोकसेवकों द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 9454401864 जारी किया है। विभाग ने लोगों से ऐसी शिकायतें उपलब्ध कराने की अपील की है। विभाग ने अपील करते हुए कहा है कि रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसे लोगों की सूचना जल्द से जल्द हेल्पलाइन पर कॉल करके उपलब्ध कराएं।