Shri Krishna Janmabhoomi Silver Stone Pujan: श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर मथुरा निर्माण में उपयोग के लिए संकल्पित रजत शिला के पूजन का भव्य कार्यक्रम फरीदाबाद में संपन्न हुआ। उद्योगपति एवं न्यास के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक रूप सिंह नागर के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सनातनी श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ विधि-विधान से रजत शिला का पूजन किया। सभी श्रद्धालुओं ने मथुरा में श्रीकृष्ण मंदिर निर्माण के लिए कामना की।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर-मस्जिद प्रकरण के याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज ने कहा कि संकल्पित रजत शिला को देशभर में पूजन के लिए ले जाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि न्यायालय का फैसला आने के बाद जब मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर का निर्माण होगा, तब इस रजत शिला का निर्माण कार्य में उपयोग किया जाएगा।
न्यास के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक रूप सिंह नागर ने कहा कि सनातन समाज की इच्छा है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर का निर्माण जल्द से जल्द हो। उन्होंने कहा कि इस मामले में सभी की निगाहें न्यायालय के निर्णय पर टिकी हुई हैं।
कार्यक्रम में आराधना सोलंकी ने आयोजन के संयोजक रूप सिंह नागर का आभार व्यक्त किया। यात्रा के प्रभारी राजेश पाठक ने कहा कि फलाहारी महाराज लंबे समय से इस संकल्प को लेकर तपस्या कर रहे हैं और उनकी तपस्या व्यर्थ नहीं जाएगी।
महामंडलेश्वर राधानंद गिरि ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर निर्माण के संकल्प को लेकर रजत शिला पूजन कार्यक्रम देश के विभिन्न जनपदों में आयोजित किए जा रहे हैं। रजत शिला को विशेष वाहन के माध्यम से विभिन्न स्थानों तक ले जाया जा रहा है।
इस अवसर पर हरियाणा सरकार के मंत्री राजेश नागर, ललित गिरि महाराज, मधुवन पीठाधीश्वर हरिदास बाबा, पवन गिरि महाराज, सुखराम सिंह कमल, राजस्थान प्रभारी इंद्रदेव कौशिक, कन्हैया कौशिक सहित अन्य श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।