मथुरा में भाजपा की चुनावी रणनीति (सोर्स: सोशल मीडिया)
मथुरा

मथुरा से भाजपा फूंकेगी 2027 के चुनावी बिगुल की रणनीति, अयोध्या-काशी के बाद अब कान्हा की नगरी पर नजर

Mathura BJP Election Strategy: पार्टी नेतृत्व ब्रज क्षेत्र में संगठन की स्थिति का आकलन करेगा। किसान राजनीति, जातीय समीकरण, क्षेत्रीय मुद्दे व विपक्ष की तैयारियां चर्चा के प्रमुख विषय हो सकते हैं।

मोहन श्याम शर्मा, नमिता प्रजापति

Highlights:

  • 16-17 नवंबर को मथुरा में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की दो दिवसीय चिंतन बैठक

  • राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे शामिल

  • परखम के दीनदयाल धाम में बैठक होने की संभावना

  • वृंदावन के चंद्रोदय मंदिर का विकल्प भी चर्चा में

BJP Election Preparations: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी राजनीतिक तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर और काशी में श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के बाद अब भाजपा की रणनीतिक और वैचारिक राजनीति के केंद्र में कान्हा की नगरी मथुरा नजर आ रही है।

इसी क्रम में 16 और 17 नवंबर को मथुरा में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की दो दिवसीय चिंतन बैठक आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में पार्टी के करीब 35 से 40 वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। 17 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस बैठक को भाजपा की चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राजनीतिक समीकरणों पर विस्तार से चर्चा

दो दिनों तक चलने वाले इस मंथन में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के साथ संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

पार्टी नेतृत्व ब्रज क्षेत्र में संगठन की स्थिति का आकलन करेगा और चुनाव से पहले जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति तैयार कर सकता है। किसान राजनीति, जातीय समीकरण, क्षेत्रीय मुद्दे और विपक्ष की चुनावी तैयारियां भी चर्चा के प्रमुख विषय हो सकते हैं।

अयोध्या-काशी के बाद मथुरा से बड़ा सियासी संदेश

भाजपा की इस बैठक के राजनीतिक मायने काफी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण और काशी में श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के विकास के बाद अब मथुरा को लेकर पार्टी की सक्रियता बढ़ना एक बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान का मुद्दा लंबे समय से भाजपा की वैचारिक और राजनीतिक प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मथुरा में एक साथ जुटना महज संगठनात्मक गतिविधि नहीं माना जा रहा। इसके जरिए भाजपा ब्रज क्षेत्र के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन को और मजबूत करने की कोशिश कर सकती है।

जन्माष्टमी पर योगी के संकेत के बाद बढ़ी चर्चा

इसी वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर दर्शन-पूजन किया था। इस दौरान उन्होंने अयोध्या और काशी की तर्ज पर मथुरा के भव्य विकास का संकेत दिया था। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद से ही ब्रज क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन, आधारभूत सुविधाओं और विकास परियोजनाओं को लेकर सरकार की संभावित योजनाओं पर चर्चाएं तेज हुई हैं।

अब भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की चिंतन बैठक को भी इसी राजनीतिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में केवल धार्मिक और सांस्कृतिक मुद्दे ही निर्णायक नहीं हैं। यहां किसान आंदोलन की पृष्ठभूमि, जाट-मुस्लिम समीकरण, गुर्जर, दलित और अन्य सामाजिक वर्गों की भूमिका भी चुनावी परिणामों को प्रभावित करती है।

ऐसे में भाजपा नेतृत्व के सामने ब्रज क्षेत्र में संगठनात्मक मजबूती के साथ विभिन्न सामाजिक वर्गों का विश्वास जीतने की चुनौती भी होगी। बैठक में इन समीकरणों को ध्यान में रखकर चुनावी रणनीति तैयार किए जाने की संभावना है।

परखम के दीनदयाल धाम में हो सकती है चिंतन बैठक

भाजपा की दो दिवसीय बैठक के आयोजन स्थल को लेकर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। हालांकि फरह क्षेत्र के परखम स्थित दीनदयाल धाम को प्रमुख संभावित स्थल माना जा रहा है। इसके अलावा वृंदावन स्थित चंद्रोदय मंदिर का नाम भी चर्चा में है। संगठन स्तर पर आयोजन स्थल, सुरक्षा, आवास और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर मंथन चल रहा है। जल्द ही अंतिम स्थल पर निर्णय होने की संभावना है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 16 और 17 नवंबर को मथुरा में चिंतन बैठक होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।

कुल मिलाकर, मथुरा में होने जा रही यह चिंतन बैठक भाजपा के लिए 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक तैयारियों और राजनीतिक प्राथमिकताओं को दिशा देने का बड़ा अवसर होगी। अयोध्या और काशी के बाद मथुरा में शीर्ष नेतृत्व का जुटना इस बात का संकेत है कि भाजपा ब्रज की धरती से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति को साधने और आगामी चुनाव के लिए अपनी रणनीति मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है।

आगामी चुनाव से पहले अभिजीत दीपके ने पसारे पैर, CJP ने यूपी-बिहार समेत 10 राज्यों में बनाई समितियां

भारत समिट: राहुल गांधी के समर्थन में खुलकर बोले यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव, केंद्रीय मंत्री ने उठाए सवाल

Priya Saroj Net Worth: सांसद प्रिया सरोज कितनी संपत्ति की मालिक हैं? क्रिकेटर रिंकू सिंह की बनेंगी पत्नी

Microsoft Outage के बाद हैकर्स हुए एक्टिव, फर्जी ईमेल भेजकर पासवर्ड चुराने की कोशिश; कंपनी ने किया अलर्ट

मणिपुर में बन रही देश की पहली नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी NSU, अगले सत्र से हो सकती है शुरू