

संगठन की मजबूती और चुनावी तैयारियों पर हुई चर्चा
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
संगठन की तैयारियों को धार देने में जुटी भाजपा
BJP Mission 2027: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के दो दिवसीय गोरखपुर प्रवास के दूसरे दिन गुरुवार को पार्टी की पूर्व पदाधिकारी बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी के पूर्व पदाधिकारियों के साथ संवाद कर संगठन की वर्तमान स्थिति, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर मंथन किया। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुई इस बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक का मुख्य केंद्र संगठनात्मक मजबूती और चुनावी रणनीति रही। इसमें इस बात पर जोर दिया गया कि पार्टी की नीतियों, केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठन के कार्यक्रमों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाए। इसके साथ ही पुराने और अनुभवी कार्यकर्ताओं की संगठन में भूमिका को प्रभावी बनाने तथा उनके अनुभवों का लाभ लेने पर भी चर्चा हुई।
गोरखपुर में राष्ट्रीय अध्यक्ष के लगातार संगठनात्मक कार्यक्रमों को पूर्वांचल में भाजपा की चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। खासतौर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद से संगठन को सक्रिय करने का संदेश देने की कोशिश के तौर पर इस प्रवास को अहम माना जा रहा है।
विधानसभा चुनाव-2027 को देखते हुए भाजपा संगठन की तैयारियों को धार देने में जुटी है। ऐसे में पूर्व पदाधिकारियों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष की यह बैठक संगठन के पुराने अनुभव और आगामी चुनाव की रणनीति के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।
पूर्व पदाधिकारी बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश सह प्रभारी प्रदीप वर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी और क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।