Complaint Against Mathura Police: मथुरा के कोतवाली कृष्णा नगर में 10वीं कक्षा के छात्र के साथ कथित मारपीट, गाली-गलौज और करीब तीन घंटे तक अवैध हिरासत में रखने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर छात्र की बहन योगेश देवी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को लिखित शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
एसएसपी को दी शिकायत में योगेश देवी ने आरोप लगाया कि 14 सितंबर 2026 को वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ कोतवाली कृष्णा नगर पहुंची थीं। इसी दौरान सिविल ड्रेस में मौजूद एक व्यक्ति जिसने स्वयं को पुलिस कांस्टेबल बताया ने उनके 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले नाबालिग भाई को जबरन थाने के अंदर एक कमरे में ले जाकर बंद कर दिया।
शिकायत के अनुसार, कमरे में नाबालिग के साथ कथित तौर पर बेल्ट से मारपीट और गाली-गलौज की गई। आरोप है कि थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी इस दौरान मूकदर्शक बने रहे और छात्र को करीब तीन घंटे तक हिरासत में रखा गया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने घटना का मोबाइल से वीडियो बनाने का प्रयास किया तो उक्त व्यक्ति ने उनका हाथ खींचकर धक्का-मुक्की की और मोबाइल छीनकर जब्त कर लिया। उनके पति के साथ भी कथित तौर पर धक्का-मुक्की की गई। शिकायत में धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
योगेश देवी ने एसएसपी से सिविल ड्रेस में मौजूद व्यक्ति की पहचान कर निष्पक्ष विभागीय जांच, 14 सितंबर की CCTV फुटेज की जांच तथा दोषी पुलिसकर्मियों और कथित रूप से लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बता दें कि पीड़ित छात्र की बहन ने कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण लेने की बात भी कही है।