वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल
मारपीट की घटना से आर्थिक लेन-देन से जुड़ी है
दबंगों की इस हरकत से सभी हैरान
Blatant Thuggery Musclemen:मथुरा में थाना जमुनापार क्षेत्र के पानीगांव में दबंगों की खुलेआम गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रुपयों के लेन-देन को लेकर हुए पुराने विवाद में कार सवार आरोपियों ने सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि दबंगों ने एक मां-बेटी को जबरन कार के बोनट पर बैठा लिया और फिर तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ा दी। जान की परवाह किए बिना आरोपियों ने मां-बेटी को काफी दूर तक कार के बोनट पर बैठाकर घुमाया।
इस खौफनाक घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद महिला सुरक्षा और स्थानीय पुलिस व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि विवाद पिछले वर्ष वृंदावन कोतवाली क्षेत्र के परिक्रमा मार्ग पर मध्य प्रदेश से आए श्रद्धालुओं के साथ हुई मारपीट की घटना से जुड़े आर्थिक लेन-देन को लेकर था। इसी पुरानी रंजिश और रुपयों के विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया।
कार सवार लोगों ने मां-बेटी को जबरन अपनी कार के बोनट पर बैठा लिया। इसके बाद आरोपियों ने गाड़ी दौड़ानी शुरू कर दी। मां-बेटी कार के बोनट पर बैठकर अपनी जान बचाने की कोशिश करती रहीं, लेकिन कार सवारों ने गाड़ी नहीं रोकी। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने दोनों को पानीगांव से मांट रोड की ओर काफी दूर तक ले जाकर पेट्रोल पंप के समीप छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए।
इस दौरान सड़क पर मौजूद लोग भी आरोपियों की इस हरकत को देखकर हैरान रह गए। पूरा घटनाक्रम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गया। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल फुटेज में कार के बोनट पर मां-बेटी को बैठाकर गाड़ी दौड़ाए जाने का घटनाक्रम दिखाई देने की बात कही जा रही है। इस घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।
घटना की सूचना मिलने पर यूपी-112 की टीम और पानीगांव चौकी प्रभारी विजय गोस्वामी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई। वहीं, घायल मां-बेटी को उपचार के लिए जिला अस्पताल मथुरा भेजा गया।
प्रदेश सरकार लगातार महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून का राज स्थापित करने के दावे कर रही है। ऐसे में गांव के बीचो बीच मां-बेटी को कार के बोनट पर बैठाकर गाड़ी दौड़ाने की घटना ने स्थानीय स्तर पर पुलिस की सक्रियता और अपराधियों के हौसले पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े या रात के अंधेरे में इस तरह की दबंगई आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाती है।
पीड़ित परिवार ने जमुनापार पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।