मथुरा में पटाखा बाजार का डीएम ने किया निरीक्षण  (सोर्स : नवभारत लाइव )
मथुरा

मथुरा में दीपावली से पहले सजा पटाखा बाजार, लॉटरी सिस्टम से हुआ दुकानों का आवंटन; डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण

Allotment Shops Through Lottery :आवेदकों की संख्या अधिक होने के कारण प्रशासन ने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लॉटरी प्रक्रिया अपनाई। इसके माध्यम से पात्र आवेदकों का चयन कर उन्हें दुकान आवंटित की गई हैं।

मोहन श्याम शर्मा, शक्ति सौरभ

Highlights:

  • डीएम और एसएसपी ने किया आतिशबाजी बाजार का निरीक्षण

  • सुरक्षा मानकों के पालन के दिए निर्देश

  • बिक्री के लिए कुल 12 स्थान निर्धारित किए गए

Instructions Adherence Safety Standards: दीपावली को लेकर धर्मनगरी मथुरा में आतिशबाजी का बाजार सजने लगा है। शहर के रामलीला मैदान में पटाखों की दुकानें लगने के साथ ही बाजार में रौनक दिखाई देने लगी है। दीपावली की खुशियों को आतिशबाजी के साथ मनाने के लिए लोग बाजार पहुंच रहे हैं। बच्चों से लेकर महिलाओं तक में पटाखों की खरीदारी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

इस बार आतिशबाजी की दुकानों का आवंटन प्रशासन ने लॉटरी सिस्टम के माध्यम से कराया है। मथुरा में आतिशबाजी की बिक्री के लिए कुल 12 स्थान निर्धारित किए गए हैं। इन स्थानों पर दुकान लगाने के लिए करीब 400 लोगों ने आवेदन किया था। आवेदकों की संख्या अधिक होने के कारण प्रशासन ने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लॉटरी प्रक्रिया अपनाई। इसके माध्यम से पात्र आवेदकों का चयन कर उन्हें दुकान आवंटित की गई हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन सतर्क

रामलीला मैदान में आतिशबाजी का बाजार सजने के बाद खरीदारों की आवाजाही शुरू हो गई है। दुकानों पर रंग-बिरंगी फुलझड़ियां, अनार, चकरी, पानी के बम और रॉकेट सहित कई प्रकार की आतिशबाजी उपलब्ध है। इस बार पानी के बम, फुलझड़ियों के साथ रॉकेट की भी अच्छी मांग दिखाई दे रही है। खासकर बच्चे अपने पसंदीदा पटाखे खरीदने के लिए परिजनों के साथ बाजार पहुंच रहे हैं। महिलाएं भी घर-परिवार के लिए दीपावली की आतिशबाजी खरीदती नजर आ रही हैं।

उधर, आतिशबाजी बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने रामलीला मैदान स्थित पटाखा बाजार का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुकानों की व्यवस्था का जायजा लेते हुए दुकानदारों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पटाखा बाजार में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

जिला प्रशासन की ओर से दुकानदारों को अग्नि सुरक्षा के इंतजाम रखने, दुकानों के बीच निर्धारित दूरी बनाए रखने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बाजार में आने वाले लोगों की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुरूप ही आतिशबाजी की बिक्री करने और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।

दीपावली के नजदीक आते ही मथुरा के आतिशबाजी बाजार में रौनक और बढ़ने की उम्मीद है। त्योहार को लेकर लोगों में उत्साह है, वहीं प्रशासन सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से आतिशबाजी की बिक्री सुनिश्चित करने में जुटा हुआ है।

दिल्ली के बाद अब केरल हुआ सीजेपी का नया ठिकाना, जंतर-मंतर एट कोची में अभिजीत दिपके ने भरी हुंकार

बेटे के आए अच्छे नंबर तो बाप ने खुश होकर गिफ्ट में दे दी 2.30 करोड़ की BMW कार, अब क्या करेगा नाबालिग बेटा..?

जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे PM मोदी, वीडियो संदेश में दी दिवाली की शुभकामनाएं

अमेरिका में 23 वर्षीय भारतीय छात्रा लापता, विदेश मंत्रालय और बोस्टन पुलिस से मदद की गुहार

छठ और दिवाली पर दिल्ली-एनसीआर रेलवे स्टेशनों पर उमड़ी भारी भीड़, 18 हजार स्पेशल ट्रेनों का संचालन