सीएम योगी अपनी मां के साथ  (सोर्स- सोशल मीडिया)
लखनऊ

भगवा पहनकर घर पहुंचे थे योगी, मां ने पूछा- भीख क्यों मांग रहे हो बेटा? सीएम ने लिखी मां के नाम भावुक पाती

Yogi Adityanath Mother Letter: सीएम योगी आदित्यनाथ ने मां के नाम एक भावुक पाती लिखी है। इसमें मां के महत्व, निस्वार्थ प्रेम और मां की भूमिका का जिक्र है। योगी ने अपनी मां से जुड़ी एक याद भी साझा की।

रवनेश विश्‍वकर्मा

Highlights:

  • सीएम योगी आदित्यनाथ ने मां के नाम भावुक पाती लिखी

  • संन्यास के 3 साल बाद घर पहुंचे तो मां से मांगी भिक्षा

  • लिखा- मां हर किसी की जगह ले सकती है, लेकिन मां की जगह कोई नहीं

Yogi Adityanath Sanyas Story: सीएम योगी आदित्यनाथ ने मां के नाम एक भावुक पाती लिखी है। इसमें उन्होंने मां के महत्व, उनके निस्वार्थ प्रेम और जीवन में मां की भूमिका का जिक्र किया है। योगी ने अपनी मां से जुड़ी एक याद भी साझा की है, जब संन्यास लेने के तीन साल से अधिक समय बाद वह भगवा वस्त्र पहनकर अपने पैतृक घर पहुंचे थे। वहां उन्होंने संन्यासी परंपरा के अनुसार अपनी मां से भिक्षा मांगी थी।

योगी ने लिखा कि मां केवल जननी नहीं, बल्कि जगत-जननी हैं। ईश्वर की जननी भी मां ही है। मां के बिना न जीवन होता, न हमारा अस्तित्व और न ही यह दुनिया होती।

बता दें कि सीएम योगी की मां सावित्री देवी का निधन 91 साल की उम्र में 20 नवंबर 2026 को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर हुआ था। जब सीएम को मां के निधन का पता चला, उस वक्त वे गोरखपुर में भाषण दे रहे थे।

मां के बिना प्यार की छांव भी छिन जाती है

सीएम योगी ने लिखा- आज फिर हर मां के स्मरण में नयन अश्रुपूरित हैं। प्रभु श्रीराम के वनगमन के समय मां कौशल्या का आशीर्वाद, मां की इच्छा से भगवान श्रीकृष्ण का मथुरा के कारावास से गोकुल जाना, मां के संस्कार से एक प्राणी का बालक ध्रुव, प्रह्लाद या मनुष्य हो जाना।

मां वह है, जो हर किसी की जगह ले सकती है, लेकिन एक मां की जगह कोई नहीं ले सकता। मां की ममता दुनिया की सबसे सुंदर भावना है। मां के न होने का अर्थ केवल किसी व्यक्ति का जीवन में नहीं होना भर नहीं, यह भावनात्मक सुरक्षा, बिना शर्त प्यार और घर की एक गहरी छांव के हट जाने जैसा है।

संन्यास के 3 साल बाद घर पहुंचे तो मां से मांगी भिक्षा

सीएम योगी ने अपनी मां से जुड़ा एक भावुक किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि संन्यास ग्रहण करने के तीन साल से अधिक समय बाद वह भगवा वस्त्र पहनकर अपने घर की दहलीज पर पहुंचे थे। गोरखपुर से पंचूर तक की इस यात्रा के दौरान उनके मन में भावनाओं का ज्वार उमड़ रहा था।

सीएम योगी ने लिखा कि संन्यास परंपरा के विधान के अनुसार उन्होंने भिक्षा के लिए आवाज लगाई। आवाज सुनकर मां बाहर आईं। वह उन्हें भगवा वस्त्रों में देखकर सहसा विश्वास नहीं कर पा रही थीं।

योगी ने मां से कहा- मां, भिक्षा दीजिए।

इस पर मां ने कहा- बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो?

योगी ने जवाब दिया- मां, संन्यास मेरा धर्म है। एक योगी की भूख भिक्षा से ही मिटेगी। मां, मैं यहां रहने नहीं, भिक्षा मांगने आया हूं। आप भिक्षा में जो कुछ देंगी, वही मेरे मनोरथ को पूर्ण करेगा।

कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जो चुकाए नहीं जा सकते

सीएम योगी ने लिखा- सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिसिंचित हैं। कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जो कभी चुकाए नहीं जा सकते। हां, हम अपना कर्तव्य अवश्य निभा सकते हैं। सार्वजनिक जीवन में आने के बाद प्रदेश की मातृशक्ति के लिए यही कर्तव्य निभाने का प्रयास कर रहा हूं।

प्रत्येक मां के प्रति सच्चा सम्मान यही होगा कि आज हर प्रदेशवासी यह संकल्प ले कि वह किसी निराश्रित मां का संबल बनेगा, किसी वंचित मां की पीड़ा को समझेगा और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कुराहट लाएगा।

सीएम ने मां के नाम लिखी योगी की पाती

Weather Today: दिल्ली में धुंध, बिहार-UP में घना कोहरा और दक्षिण भारत में बारिश, माउंट आबू में पारा शून्य

शिव-पार्वती की तस्वीर पर सियासी घमासान के बीच संत का राहुल को खुला पत्र, समझाया शिव-शक्ति मिलन का गूढ़ रहस्य

Today Breaking News: एक क्लिक में पढ़ें 23 नवंबर की 10 बड़ी खबरें फटाफट अंदाज में

बिसलेरी के पानी को जांच में क्यों बताया गया असुरक्षित? FSSAI ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की दी मंजूरी

300 बार पूछें या 500 बार, जवाब नहीं बदलेंगे, सिंधु जल संधि पर सवाल से भड़के पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक