

सीएम योगी की मां सावित्री देवी का निधन
अंतिम दर्शन के समय योगी अपने आंसुओं को नहीं रोक पाए
गोरखनाथ मंदिर में शोक सभा आयोजित की गई
CM Yogi Mother Savitri Devi Last Rites: सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। मां के निधन की खबर ने सीएम योगी को भीतर तक झकझोर दिया। जिस समय उनकी मां ने अंतिम सांस ली, उस समय सीएम गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में 50 हजार युवाओं को टैबलेट वितरण कार्यक्रम के दौरान संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम पूरा करने के बाद वह दिल्ली पहुंचे और वहां से अपनी मां के अंतिम दर्शन के लिए उत्तराखंड स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर रवाना हुए।
मां के अंतिम दर्शन और विदाई के उस पल में योगी आदित्यनाथ अपने आंसुओं को रोक नहीं पाए। गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में संत परंपरा का निर्वहन करने वाले योगी जब अपनी मां के सामने पहुंचे तो एक पुत्र का भाव उनके भीतर उमड़ पड़ा। मां को अंतिम विदाई देते समय उनकी आंखें नम हो गईं यह दृश्य भावुक कर देने वाला था।
योगी आदित्यनाथ का जीवन भले ही संत परंपरा, साधना और जनसेवा को समर्पित रहा हो, लेकिन मां के प्रति उनका लगाव किसी सामान्य पुत्र की तरह ही है। जीवन में व्यक्ति चाहे किसी भी पद पर पहुंच जाए, उसकी पहचान कितनी भी बड़ी क्यों न हो जाए, मां के सामने वह हमेशा एक संतान ही रहता है।
मुख्यमंत्री हों या गोरक्षपीठाधीश्वर, पुत्र के लिए मां तो मां ही होती है। पद, प्रतिष्ठा और जिम्मेदारियां मां के स्नेह के सामने छोटी पड़ जाती हैं। मां की अंतिम विदाई का वह पल योगी आदित्यनाथ के जीवन का बेहद भावुक क्षण बन गया। उनके छलकते आंसुओं ने यह बता दिया कि संत का जीवन अपनाने के बाद भी मां के प्रति एक पुत्र का प्रेम और लगाव कभी कम नहीं होता।
सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित पैतृक आवास पर निधन हो गया था। वह 91 वर्ष की थीं। गांव के लोगों के मुताबिक, वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं और शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
मां के निधन की सूचना मिलने के बाद सीएम शुक्रवार को अपने पैतृक गांव पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
सावित्री देवी के निधन पर शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर में शोक सभा आयोजित की गई। इसमें मंदिर परिवार और महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद से जुड़े लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शोक जताया। परिषद के सदस्य रामजनम सिंह ने संस्थाओं की ओर से संवेदना व्यक्त की।