यूपी एसटीएफ ने गांजा तस्करी का नेटवर्क पकड़ा
433.930 किलो गांजा बरामद, कीमत 1.25 करोड़
हरियाणा निवासी मोहम्मद इरशाद गिरफ्तार
Marijuana Smuggling Network Busted: उत्तर प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यूपी एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ की टीम ने सुल्तानपुर-अयोध्या हाईवे पर भरतकुंड टोल प्लाजा के पास कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।
इस दौरान पुलिस ने 433.930 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये आंकी गई है। मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 14 टायर वाले ट्रक को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
एसटीएफ की इस कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद इरशाद (35) निवासी मेवात, हरियाणा के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा के अलावा मोबाइल फोन और अन्य जरूरी दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। पुलिस बरामद मोबाइल फोन और दस्तावेजों के आधार पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने गांजा तस्करी के नेटवर्क को लेकर कई अहम जानकारियां दी हैं। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य ओडिशा से गांजा लाकर अलग-अलग स्थानों पर उसकी सप्लाई करते थे।
तस्करी के लिए बड़े ट्रक का इस्तेमाल किया जा रहा था, ताकि भारी मात्रा में गांजे को एक स्थान से दूसरे स्थान तक आसानी से पहुंचाया जा सके। एसटीएफ अब इस बात की जांच कर रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे उत्तर प्रदेश में किन-किन स्थानों पर पहुंचाया जाना था।
इस मामले में एक अन्य आरोपी इकरामुद्दीन का नाम भी सामने आया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस तस्करी नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं तथा गिरोह का संचालन किन लोगों के जरिए किया जा रहा था।
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल राजस्थान नंबर के 14 टायर वाले ट्रक को भी जब्त कर लिया है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। एसटीएफ की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।