स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख युवाओं को मुफ्त टैबलेट
15 नवंबर को सीएम योगी करेंगे अभियान का शुभारंभ
पहले दिन 50 हजार छात्रों को मिलेगा लाभ
Tablet Distribution Event: युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने और उन्हें तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से यूपी सरकार द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 15 नवंबर को प्रदेश के युवाओं को मुफ्त टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए जाएंगें।
साल 2026-27 के लिए प्रदेश के 25 लाख युवाओं को मुफ्त टैबलेट उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस कार्यक्रम से पहले सीएम योगी ने युवाओं के नाम एक संदेश दिया है। यह संदेश उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा।
अपने पोस्ट में सीएम योगी ने लिखा कि आज का युवा अपनी प्रतिभा और परिश्रम से दुनिया में आगे बढ़ना चाहता है। उसे केवल अवसर और आधुनिक संसाधन चाहिए। पूर्व की सरकार पर वार करते हुए सीएम ने लिखा 'लेकिन पूर्ववर्ती सरकारों ने उत्तर प्रदेश में युवाओं के भविष्य की चिंता करने के बजाय उन्हें जाति, क्षेत्र और परिवारवाद की राजनीति में उलझाए रखा। उनकी प्रतिभा को तकनीक का साथ देने की कोई ठोस पहल नहीं हुई।'
पीएम मोदी का आभार व्यक्त करते हुए सीएम ने कहा कि उनके नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदला और 'डिजिटल इंडिया' के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तीकरण योजना के माध्यम से अब तक 60 लाख से अधिक युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट प्रदान किए गए हैं।
इसी यात्रा को आगे बढ़ाते हुए आज लखनऊ से 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट के वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। हमारा प्रयास है कि संसाधनों का अभाव किसी युवा की प्रतिभा के आड़े न आए और उत्तर प्रदेश का हर नौजवान अपनी मेहनत से सफलता की नई कहानी लिखे। सभी लाभार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं।
अभियान के शुरुआती कार्यक्रम में लखनऊ के साथ हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के छात्र-छात्राएं भी शामिल होंगे।
इन जिलों के चयनित विद्यार्थियों को कार्यक्रम के दौरान टैबलेट दिए जाएंगे। इसके बाद योजना के निर्धारित लक्ष्य के अनुसार प्रदेश के अन्य जिलों में भी पात्र युवाओं को चरणबद्ध तरीके से टैबलेट वितरित किए जाएंगे।
योजना का लाभ विभिन्न शैक्षणिक और प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत युवाओं को मिलेगा। इसमें ग्रेजुएशन, पोस्ट-ग्रेजुएशन, तकनीकी शिक्षा, डिप्लोमा, आईटीआई और कौशल विकास से जुड़े विद्यार्थी शामिल हैं।
इस पहल से उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के साथ तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को भी डिजिटल संसाधनों की सुविधा मिल सकेगी।