झारखंड स्थापना दिवस: बिरसा मुंडा के संघर्ष को नमन, क्यों मनाया जाता है जनजातीय गौरव दिवस?

Jharkhand Foundation Day: 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर झारखंड देश का 28वां राज्य बना। इस तरह हर साल 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस मनाया जाता है। इसे जनजातीय गौरव दिवस के रुप में भी जानते हैं।
Birsa Munda
बिरसा मुंडासोर्स-सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर झारखंड देश का 28वां राज्य बना

  • 15 नवंबर को मनाया जाता है झारखंड स्थापना दिवस

  • 15 नवंबर महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की है जयंती

  • हर साल 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की है जयंती के अवसर पर मनाया जाता है जनजातीय गौरव दिवस

History And struggle of Birsa Munda: 15 नवंबर का दिन झारखंड के इतिहास और देश के आदिवासी समाज के लिए बेहद खास है। इसी दिन झारखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। साथ ही, इसी तारीख को महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाती है।

उनके संघर्ष, बलिदान और अंग्रेजों के खिलाफ छेड़ी गई लड़ाई को सम्मान देने के लिए देशभर में जनजातीय गौरव दिवस भी मनाया जाता है। आखिर झारखंड स्थापना दिवस और बिरसा मुंडा का क्या संबंध है? जनजातीय गौरव दिवस क्यों मनाया जाता है और आदिवासी समाज के लिए इस दिन का क्या महत्व है? आइए जानते हैं।

15 नवंबर को ही क्यों मनाया जाता है झारखंड स्थापना दिवस?

झारखंड का इतिहास आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और संघर्षों से जुड़ा रहा है। लंबे समय से यहां के आदिवासी और स्थानीय समुदाय अलग राज्य की मांग करते रहे थे। उनका मानना था कि अलग राज्य बनने से यहां के लोगों को अपनी पहचान, संस्कृति, जल, जंगल और जमीन की रक्षा करने का बेहतर अवसर मिलेगा।

लंबे संघर्ष और आंदोलन के बाद 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर झारखंड देश का 28वां राज्य बना। इस तरह हर साल 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस मनाया जाता है।

इस तारीख को चुनने की एक खास वजह भी है। 15 नवंबर महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती है। झारखंड को अलग राज्य का दर्जा देने के लिए इसी ऐतिहासिक दिन को चुना गया, ताकि राज्य के निर्माण के साथ आदिवासी नायक के योगदान को भी सम्मान दिया जा सके।

Birsa Munda
बिरसा मुंडासोर्स-सोशल मीडिया

कौन थे भगवान बिरसा मुंडा?

भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू गांव में हुआ था। वह मुंडा जनजाति से ताल्लुक रखते थे। उन्होंने बहुत कम उम्र में ही आदिवासी समाज की परेशानियों और अंग्रेजी शासन के अत्याचारों को समझ लिया था।

उस समय अंग्रेजों की नीतियों के कारण आदिवासियों की जमीन छिन रही थी। जमींदारों और साहूकारों का शोषण बढ़ रहा था। आदिवासी समुदाय को अपनी ही जमीन और जंगलों पर अधिकार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा था।

ऐसे समय में बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज को एकजुट किया और अंग्रेजों, जमींदारों तथा शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने लोगों को अपने अधिकारों के लिए लड़ने और अपनी संस्कृति व पहचान को बचाने के लिए प्रेरित किया।

Birsa Munda
बिरसा मुंडासोर्स-सोशल मीडिया

अंग्रेजों के खिलाफ बिरसा मुंडा का उलगुलान आंदोलन

भगवान बिरसा मुंडा के नेतृत्व में अंग्रेजों के खिलाफ एक बड़ा आंदोलन शुरू हुआ, जिसे 'उलगुलान' कहा जाता है। इसका अर्थ है महाविद्रोह या बड़ा आंदोलन।

इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य आदिवासियों को शोषण से मुक्ति दिलाना और उनकी जमीन, जंगल तथा पारंपरिक अधिकारों की रक्षा करना था।

बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज को एकजुट कर अंग्रेजी शासन और शोषणकारी व्यवस्था को चुनौती दी। उनके आंदोलन ने छोटानागपुर क्षेत्र में अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी।

अंग्रेजों ने इस आंदोलन को दबाने के लिए कई कदम उठाए और बिरसा मुंडा को गिरफ्तार कर लिया। 9 जून 1900 को रांची जेल में उनका निधन हो गया। उस समय उनकी उम्र महज 25 साल थी।

भले ही बिरसा मुंडा आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके संघर्ष और बलिदान की कहानी आज भी देशभर के लोगों को प्रेरित करती है।

Birsa Munda jpg
बिरसा मुंडासोर्स-सोशल मीडिया

क्या है जनजातीय गौरव दिवस और क्यों मनाया जाता है?

देश के आदिवासी समुदायों के योगदान और उनके गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने के लिए हर साल 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है।

भारत सरकार ने साल 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती यानी 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।

इस दिन का मुख्य उद्देश्य देश के स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी समाज के योगदान को याद करना और उन जनजातीय नायकों को सम्मान देना है, जिनके संघर्ष और बलिदान को इतिहास में अपेक्षित पहचान नहीं मिल पाई।

भारत की आजादी की लड़ाई में संथाल, भील, कोल, मुंडा, खासी और मिजो समेत कई जनजातीय समुदायों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

इन समुदायों ने अंग्रेजों के खिलाफ अलग-अलग समय पर आंदोलन और विद्रोह किए। इन आंदोलनों में हजारों आदिवासियों ने अपनी जान तक कुर्बान कर दी। जनजातीय गौरव दिवस इन्हीं वीर नायकों और उनके बलिदानों को याद करने का दिन है।

जनजातीय गौरव दिवस केवल आदिवासी नायकों को याद करने का दिन नहीं है, बल्कि उनके सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास के महत्व को भी सामने लाता है।

Birsa Munda
बिरसा मुंडासोर्स-सोशल मीडिया

आदिवासी समुदायों के विकास और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं।

1. धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान

इस योजना की शुरुआत 2 अक्टूबर 2024 को की गई थी। इसका उद्देश्य आदिवासी बहुल गांवों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है।

2. प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम-जनमन)

इस योजना का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTGs) तक आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और अन्य जरूरी सुविधाएं पहुंचाना है।

3. एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय

इस योजना के तहत आदिवासी बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए आवासीय स्कूल बनाए जा रहे हैं। इन स्कूलों में बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल और अन्य गतिविधियों का अवसर भी मिलता है।

4. प्रधानमंत्री आदि आदर्श ग्राम योजना

इस योजना का उद्देश्य आदिवासी आबादी वाले गांवों में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को बढ़ावा देना है।

5. आदिवासी छात्रों के लिए छात्रवृत्ति

सरकार आदिवासी छात्रों को प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक और उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति देती है, ताकि आर्थिक परेशानी के कारण उनकी पढ़ाई बीच में न छूटे।

Birsa Munda
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर गोंदिया में आयोजन, पीएम मोदी करेंगे आश्रमशाला भवन का ऑनलाइन उद्घाटन

आदिवासी समाज के लिए क्यों खास है 15 नवंबर?

15 नवंबर की तारीख झारखंड और देश के आदिवासी समाज के लिए तीन बड़ी वजहों से खास है।

  • इसी दिन 2000 में झारखंड अलग राज्य बना था।

  • इसी दिन भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाती है।

  • इसी दिन देशभर में जनजातीय गौरव दिवस मनाकर आदिवासी समाज के इतिहास, संस्कृति और योगदान को सम्मान दिया जाता है।

Birsa Munda
भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर दिल्ली में जुटेगा देशभर का आदिवासी समाज, मुख्य अतिथि होंगे अमित शाह

झारखंड स्थापना दिवस और जनजातीय गौरव दिवस केवल किसी तारीख या उत्सव तक सीमित नहीं हैं। ये आदिवासी समाज के संघर्ष, स्वाभिमान, अधिकार और पहचान की कहानी बयां करते हैं।

भगवान बिरसा मुंडा ने छोटी उम्र में जिस साहस के साथ अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी, वह आज भी लोगों के लिए प्रेरणा है। उनका संघर्ष हमें जल, जंगल और जमीन के महत्व के साथ अपने अधिकारों और संस्कृति की रक्षा करने का संदेश देता है।

15 नवंबर का दिन हमें याद दिलाता है कि भारत के इतिहास और विकास में आदिवासी समाज का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है। इस विरासत को सहेजना और आदिवासी समुदायों को विकास की मुख्यधारा में समान अवसर देना ही भगवान बिरसा मुंडा को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।