शव मिलने से सनसनी फैल गई, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी  (सोर्स: सोशल मीडिया)
लखनऊ

लखनऊ में दीपावली के बाद दो युवकों के शव मिलने से मचा हड़कंप; हत्या कर फेंके जाने की आशंका

Double Dead Body Lucknow: बंथरा के अमावां जंगल में बोरे में बंद करीब 35 वर्षीय युवक का शव मिला। हत्या की आशंका जताई जा रही है। साथ ही हजरतगंज चौराहे पर भी अज्ञातयुवक की लाश मिलने से हड़कंप मच गया।

शक्ति सौरभ

Highlights:

  • मृतक का शव तीन दिन पुराना होने की आशंका

  • डीसीपी दक्षिणी ने किया निरीक्षण

  • हजरतगंज चौराहे के पास भी मिला अज्ञात युवक का शव

  • राजधानी के पॉश इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

Dead Body found Hazratganj Lucknow : राजधानी लखनऊ में मंगलवार को दो अलग-अलग स्थानों पर युवकों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। बंथरा के अमावां जंगल में पुलिया के नीचे बोरे में बंद करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई, तो दूसरी ओर राजधानी के सबसे वीवीआईपी इलाके हजरतगंज चौराहे पर भी एक युवक का शव बरामद हुआ।

एक तरफ जंगल में मिले शव की हालत देखकर हत्या कर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है, वहीं दूसरी ओर लोक भवन और विधानसभा से चंद कदमों की दूरी पर शव मिलने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। दोनों मामलों में पुलिस मृतकों की पहचान और मौत की वजह का पता लगाने में जुटी है।

अमावां जंगल में पुलिया के नीचे बोरे में मिला शव

पहली घटना बंथरा थाना के अमावां जंगल की है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार की सुबह डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि जंगल में पुलिया के नीचे एक संदिग्ध बोरा पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही बंथरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिया के नीचे बोरे में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ।

बताया जा रहा है कि जंगल के अंदर एक कच्चा रास्ता पुलिया की तरफ जाता है, जिसके नीचे शव को बोरे में बंद करके फेंका गया था।

डीसीपी दक्षिणी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जहां टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास के इलाके में छानबीन कर रही है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

लाल शर्ट और नीला लोअर पहने था मृतक

पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष है। उसका शरीर पतला-दुबला और कद लंबा है। युवक ने लाल रंग की शर्ट और नीले रंग का लोअर पहन रखा था। शुरुआती जांच में शव करीब तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।

शव की स्थिति और घटनास्थल के हालात को देखते हुए प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को बोरे में बंद कर यहां फेंका गया है। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

हजरतगंज चौराहे के पास भी मिला युवक का शव

वहीं दूसरी घटना राजधानी के हजरतगंज इलाके की है। यहां हजरतगंज चौराहे पर ट्रैफिक बूथ के बगल में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से अफरा-तफरी मच गई। यह इलाका राजधानी के सबसे वीवीआईपी क्षेत्रों में शामिल है।

घटनास्थल से मुख्यमंत्री कार्यालय लोक भवन और विधानसभा भी चंद कदमों की दूरी पर स्थित हैं। ऐसे संवेदनशील और व्यस्त इलाके में शव मिलने की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।

सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

पुलिस युवक को सिविल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। इस मामले में एंबुलेंस के मौके पर करीब आधे घंटे बाद पहुंचने की बात भी सामने आई है।

घटना के बाद हजरतगंज जैसे पॉश इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की तत्परता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस युवक की पहचान कराने के साथ ही उसकी मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

एक ही दिन दो घटनाओं से राजधानी में चर्चा तेज

लखनऊ में एक ही दिन दो अलग-अलग इलाकों में अज्ञात युवकों के शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। बंथरा में जहां करीब तीन दिन पुराने शव को बोरे में बंद कर पुलिया के नीचे फेंके जाने की आशंका है, वहीं हजरतगंज जैसे वीवीआईपी इलाके में युवक की मौत ने लोगों का ध्यान खींचा है।

फिलहाल दोनों घटनाओं की जांच अलग-अलग की जा रही है। मृतकों की पहचान, मौत की वजह और घटनाओं के पीछे की वजह का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

प्रणब और चिदंबरम के बीच थे गंभीर मतभेद..., सोनिया गांधी की किताब में कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर बड़ा खुलासा

क्या प्रणब मुखर्जी बनना चाहते थे प्रधानमंत्री? सोनिया गांधी की किताब में बड़ा खुलासा

दिल्ली में छठ पूजा को लेकर बड़ा ऐलान, इस दिन बंद रहेंगे सभी सरकारी दफ्तर और पीएसयू; जानें पूरी डिटेल

दिल्ली प्रदूषण पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का विवादित बयान, बोले- दिवाली हो या प्रदूषण, दोनों मानव जनित रोग

यूपी-बिहार में सियासी शादियों का सीजन! जानिए सांसद प्रिया सरोज, मंत्री संदीप सिंह तक शादी से जुड़ी खास बातें