कार हटाने को लेकर विवाद के बाद दो युवतियों से मारपीट
तीन युवकों पर हमला करने का आरोप, पुलिस ने हिरासत में लिया
घायल युवतियों को काकोरी सीएचसी भेजा गया
लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र के फतेहगंज गांव में रास्ते से कार हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि युवकों ने दो लड़कियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर घायल हो गईं। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार 11 नवंबर को शाम करीब 4:20 बजे एक महिला की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना पर पारा पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान सामने आया कि धर्मपाल सिंह अपनी भतीजियों के साथ खरीदारी करने के लिए कार से घर से निकल रहे थे।
जानकारी के अनुसार, धर्मपाल सिंह के घर के पास एक कार खड़ी थी, जिससे रास्ता बाधित हो रहा था। उन्होंने कार हटवाने के लिए हॉर्न बजाया, लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी नहीं हटाई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दूसरी कार में सवार युवकों ने धर्मपाल सिंह और उनकी भतीजियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मारपीट के मामले में टिल्लू और शिवा निवासी बाराखेड़ा, थाना हसनगंज, जिला उन्नाव और अक्कू मिश्रा निवासी औरास, जिला उन्नाव के नाम सामने आए हैं। घटना के बाद कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों को हिरासत में ले लिया और विवाद में शामिल कार को भी कब्जे में ले लिया।
लखनऊ पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल युवतियों को उपचार के लिए काकोरी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। डॉक्टरों ने दोनों की चोटों को साधारण बताया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों की हालत स्थिर है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। फिलहाल मौके पर शांति है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।