एसएसपी ऑफिस के बाहर बॉयफ्रेंड के साथ दिखी लापता बेटी
देखते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा, पकड़कर पीटा
युवती चिल्लाते हुए बोली- हमने शादी कर ली है, उसे मत पीटो
Jhansi SSP Office Drama Video: झांसी में जिस बेटी की तलाश में परिवार पिछले 15 दिनों से पुलिस के चक्कर लगा रहा था, वह लाल जोड़े में अचानक एसएसपी ऑफिस के पास अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिली।
बेटी को बॉयफ्रेंड के साथ देखकर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। युवती की मां ने युवक को बीच सड़क पर पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इसके बाद पिता युवक को पीटते हुए घसीटकर एसएसपी ऑफिस के अंदर ले गया, जबकि मां बेटी को घसीटते हुए ले गई। इस दौरान युवती ने चिल्लाते हुए कहा कि हमने शादी कर ली है, उसे (बॉयफ्रेंड) मत पीटो। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
मामला झांसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र का है। युवती की मां का कहना है कि उनकी 17 साल की बेटी 16 नवंबर को घर से चली गई थी। काफी तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला तो परिवार ने पुलिस से शिकायत की। इस मामले में बड़ागांव थाने में किशोरी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
27 नवंबर को परिवार बेटी की तलाश और बरामदगी की गुहार लेकर झांसी एसएसपी ऑफिस पहुंचा था। इसी दौरान परिजनों को ऑफिस के पास एक युवक और युवती दिखाई दिए। पास जाकर देखा तो युवती उनकी लापता बेटी निकली।
इसके बाद परिजनों ने दोनों को रोक लिया। युवक से कहासुनी शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। युवती की मां ने युवक को पकड़कर सड़क पर ही पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मामले में मां और बेटी ने अलग-अलग दावे किए हैं। मां का कहना है कि उनकी बेटी की उम्र 17 साल है और वह नाबालिग है। उन्होंने इसके समर्थन में दस्तावेज होने की बात भी कही है।
वहीं, युवती ने परिजनों के दावे को खारिज करते हुए खुद को बालिग बताया। उसका कहना है कि वह अपनी मर्जी से युवक के साथ गई थी और दोनों ने शादी कर ली है।
झांसी पुलिस के मुताबिक, 16 नवंबर को बड़ागांव थाने में मिली तहरीर के आधार पर किशोरी के लापता होने का केस दर्ज किया गया था। 27 नवंबर को परिजनों ने पुलिस कार्यालय के पास किशोरी को एक युवक के साथ देखा। इसके बाद दोनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। सूचना मिलने पर बड़ागांव पुलिस दोनों को थाने ले गई।
फिलहाल पुलिस युवक और युवती से पूछताछ कर रही है। युवती की वास्तविक उम्र की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उम्र और पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य है। वहीं घटना का पूरा वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।