आलोक सिंह बने UPPSC के नए अध्यक्ष
यूपी के चारों भर्ती बोर्ड की कमान IPS के हाथ
लाखों अभ्यर्थियों की उम्मीदें नए अध्यक्ष पर
IPS Alok Singh UPPSC New Chairman Appointed: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के नए अध्यक्ष के रूप में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आलोक सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उनकी नियुक्ति के साथ ही प्रदेश के चारों प्रमुख भर्ती आयोगों और बोर्डों की कमान अब आईपीएस अधिकारियों के हाथों में आ गई है। इसे प्रदेश की भर्ती व्यवस्था में एक बड़े प्रशासनिक बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।
आलोक सिंह 1995 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। वह वर्तमान में डीजी पीएसी के पद पर तैनात हैं। अपने करीब तीन दशक के पुलिस करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं।
जनवरी 2020 में उन्हें गौतमबुद्ध नगर का पहला पुलिस कमिश्नर बनाया गया था। इसके अलावा वह मेरठ रेंज के आईजी, कानपुर के एसएसपी और आईजी तथा कानपुर जोन के एडीजी भी रह चुके हैं।
IPS आलोक सिंह की नियुक्ति के बाद प्रदेश के चार प्रमुख भर्ती संस्थानों का नेतृत्व आईपीएस अधिकारियों के पास होगा।
1. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC): आलोक सिंह
2. उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC): पूर्व डीजीपी सत्यनारायण साबत
3. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग: पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार
4. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड: डीजीपी एसबी शिरडकर
UPPSC प्रदेश में पीसीएस, पीसीएस-जे, आरओ-एआरओ समेत विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण भर्तियां आयोजित करता है। ऐसे में नए अध्यक्ष के सामने भर्ती परीक्षाओं को समय पर आयोजित कराने, लंबित परिणाम जारी करने और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
प्रदेश के लाखों प्रतियोगी अभ्यर्थियों की नजरें अब आयोग की आगामी कार्ययोजना और भर्ती कैलेंडर पर रहेंगी।