जज की जगह पुलिसकर्मियों ने ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया
सुप्रीम कोर्ट के जज के स्वागत के लिए तैयारी कर रहे थे पुलिसकर्मी
अचानक से सर्किट हाउस पहुंचे असदुद्दीन ओवैसी
Saharanpur Police owaisi Viral Video: सहारनपुर में सुप्रीम कोर्ट के जज के स्वागत के लिए तैयार पुलिसकर्मियों ने गलती से AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया।
सर्किट हाउस में आज सुप्रीम कोर्ट के एक जज को आना था। उनके लिए गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी चल रही थी, लेकिन वे नहीं पहुंचे। असदुद्दीन ओवैसी अचानक से सर्किट हाउस पहुंच गए। हालांकि इनका कोई तय कार्यक्रम नहीं था।
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने गलती से उन्हें ही सलामी दे दी, तो ओवैसी ने खड़े होकर सलामी ली और फिर वहां से से चले गए। इसका अब वीडियो वायरल हो रहा है।
गठबंधन के बाद ओवैसी पहली बार सहारनपुर पहुंचे। जहां सांसद चंद्रशेखर आजाद और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान ओवैसी ने कहा- जिस तरह की राजनीति की जा रही है, वह पूरी तरह शोषण की राजनीति है। उत्तर प्रदेश में हमारे मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार ने भी कहा है कि यहां कानून का राज नहीं, बल्कि बंदूक का राज चल रहा है। फुल एनकाउंटर हों या हाफ एनकाउंटर, मस्जिदों और मदरसों को निशाना बनाकर बुलडोजर चलाना हो या डर और दहशत का माहौल बनाना, ये सभी चिंता के विषय हैं।
कार से उरकर पैदल चंद्रशेखर के घर पहुंचे ओवैसी
ओवैसी और चंद्रशेखर की प्रेस कांफ्रेंस बाद दोनों नेता डीएम से मिलने कलेक्ट्रेट चले गए। इसके बाद ओवैसी चंद्रशेखर आजाद के साथ छुटमलपुर स्थित उनके घर पहुंचे।
दोनों सांसद हरिजन कॉलोनी की गली नंबर दो में पहुंचे तो संकरी गली के कारण कार घर के गेट तक नहीं जा सकी। इसके बाद ओवैसी कार से उतरे और पैदल ही चंद्रशेखर के साथ उनके आवास के अंदर चले गए।
ओवैसी के कार से उतरते ही वहां मौजूद समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। दोनों नेताओं के पहुंचने की खबर मिलते ही आवास के बाहर समर्थकों की भीड़ जुट गई। हालांकि, दोनों के घर के अंदर जाने के बाद समर्थकों को बाहर ही रोक दिया गया। किसी अन्य व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। ओवैसी की चंद्रशेखर आजाद के साथ लंच करने की योजना है।
गार्ड ऑफ ऑनर तय प्रोटोकॉल और सरकारी नियमों के तहत दिया जाता है। जो पुलिस या सशस्त्र बलों की टुकड़ी की ओर से दी जाने वाली औपचारिक सलामी है।
यूपी गार्ड एवं एस्कॉर्ट रूल्स के तहत गार्ड ऑफ ऑनर मुख्य रूप से वर्दीधारी अफसरों और सैन्य अधिकारियों के लिए है। डीआईजी और उससे ऊपर के अधिकारियों को जनरल सलामी दी जाती है। वहीं तिरंगे को राष्ट्रीय सलामी दी जाती है।
सांसदों और विधायकों को सामान्य तौर पर गार्ड ऑफ ऑनर देने का प्रावधान नहीं है। हालांकि, सैन्यकर्मी या अधिकारी के निधन पर शोकशस्त्र सलामी दी जाती है। इसके अलावा, सरकार की ओर से स्टेट ऑनर घोषित होने पर अन्य महानुभावों के पार्थिव शरीर को भी औपचारिक सलामी दी जा सकती है।