झाँसी में फिक्स्ड डिपॉजिट के नाम पर किसानों और उनके रिश्तेदारों से लाखों रुपये लेने का आरोप (सोर्स : नवभारत लाइव)
लखनऊ

झांसी में बैंक कर्मचारियों ने ही लगा दी 80 लाख की चपत,बीड़ा की जमीन का मुआवजा बना ठगी का शिकार

Allegations Collecting Lakhs Rupees farmers Jhansi: फिक्स्ड डिपॉजिट के नाम पर किसानों और उनके रिश्तेदारों से लाखों रुपये लेने का आरोप, न ब्याज की रसीद मिली और न मूलधन, पुलिस जांच के बाद FIR दर्ज।

आकाश साहू, शक्ति सौरभ

Highlights:

  • झांसी PNB में FD के नाम पर 80 लाख की ठगी का आरोप

  • 8 किसानों की रकम हड़पने का आरोप, न रसीद मिली न मूलधन

  • बैंक कर्मचारी, उसके दो बेटे और मैनेजर पर FIR दर्ज

Allegation An ₹80 Lakh FD PNB Jhansi : कभी लोग अपनी जिंदगी भर की जमा-पूंजी घरों में रखते थे, तो उन्हें चोरों और डकैतों का डर सताता था। फिर बैंकों पर भरोसा किया कि यहां उनकी खून-पसीने की कमाई सुरक्षित रहेगी। लेकिन जब सुरक्षा का भरोसा देने वाली बैंक व्यवस्था पर ही सवाल खड़े होने लगें, तो आखिर आम आदमी अपनी जमा-पूंजी कहां सुरक्षित रखे?

झांसी में पंजाब नेशनल बैंक की नंदनपुरा शाखा से ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि बीड़ा में जमीन अधिग्रहण के बाद मिले मुआवजे को अच्छी ब्याज दर पर फिक्स्ड डिपॉजिट कराने का झांसा देकर बैंक कर्मचारियों ने आठ लोगों से करीब 80 लाख रुपये ले लिए। किसी को जमा की रसीद नहीं दी गई। शुरुआत में ब्याज के नाम पर कुछ रकम लौटाई गई, लेकिन जब लोगों ने अपना मूलधन मांगा तो कथित तौर पर टालमटोल शुरू हो गई। अब पीड़ित अपनी मेहनत की कमाई वापस पाने के लिए पुलिस और प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं।

बेहतर ब्याज वाली स्कीम का लालच दिया

झांसी के थाना रक्सा क्षेत्र के रहने वाले किसानों की जमीन बीड़ा परियोजना में अधिग्रहित हुई थी। इसके बदले उन्हें मुआवजे की रकम मिली थी। पीड़ित करण सिंह राजपूत का आरोप है कि वह अपने पिता के साथ पंजाब नेशनल बैंक की नंदनपुरा शाखा में पैसा निकालने पहुंचे थे।

इसी दौरान बैंक कर्मचारी दीनदयाल ने उन्हें बेहतर ब्याज वाली स्कीम का लालच दिया। आरोप है कि बैंक मैनेजर से भी मुलाकात कराई गई और बैंक में ही पैसा जमा करने का भरोसा दिलाया गया।

8 लोगों के करीब 80 लाख रुपये लिए

करण सिंह के मुताबिक, वह चेक के जरिए रकम निकालते और बैंक कर्मचारी को नकद दे देते थे। कर्मचारी बैंक के अंदर बने एक अलग कमरे में पैसे लेता था। कभी दो लाख, कभी पांच लाख तो कभी दस लाख रुपये इस तरह दिए गए।

इसमें उनके भाइयों और रिश्तेदारों की रकम भी शामिल थी। कुल आठ लोगों के करीब 80 लाख रुपये लिए गए। आरोप है कि शुरुआत में ब्याज के नाम पर उन्हीं के पैसों से कुछ रकम लौटाई जाती रही, लेकिन कभी कोई आधिकारिक रसीद नहीं दी गई।

न तो स्कीम की जानकारी दी और न ही जमा की रसीद

दूसरे पीड़ित अभिषेक सिंह राजपूत का कहना है कि उनके पिता की जमीन अधिग्रहित होने के बाद मुआवजे की रकम खाते में आई थी। करण सिंह के माध्यम से बैंक मैनेजर से मुलाकात हुई।

उन्हें फिक्स्ड डिपॉजिट कराने का भरोसा दिया गया, लेकिन न तो स्कीम की स्पष्ट जानकारी दी गई और न ही जमा की रसीद मिली। हर बार रसीद ऊपर से प्रिंट होकर आने की बात कहकर टाल दिया जाता था।

पीड़िता सुखदेवी का आरोप है कि उनके ससुर के 20 लाख रुपये भी इसी तरह जमा कराने के नाम पर ले लिए गए। वहीं नैंसी राजपूत का कहना है कि पैसे वापस मांगने पर उन्हें सिर्फ आश्वासन मिला। कई बार आरोपियों के घर जाने पर कथित तौर पर गाली-गलौज भी की गई।

पीड़ितों के मुताबिक, जब उन्होंने ग्राम प्रधान के माध्यम से पुलिस के उच्चाधिकारियों से शिकायत की तो मामले की जांच कराई गई। जांच में शिकायत सही पाए जाने का दावा करते हुए उन्होंने बताया कि इसके बाद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

लाखों के गबन और बैंक प्रबंधन को भनक तक नहीं

अब इन आठों पीड़ित परिवारों की एक ही मांग है कि बीड़ा में अपनी पुश्तैनी खेती की जमीन गंवाने के बाद मुआवजे के रूप में मिली रकम उन्हें वापस दिलाई जाए। सवाल यह है कि बैंक के भीतर कथित तौर पर लाखों रुपये का यह खेल कैसे चलता रहा और बैंक प्रबंधन को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी?

इस पूरे मामले में झाँसी की थाना रक्सा पुलिस द्वारा बैंक कर्मचारी दीनदयाल अहिरवार उसके दो बेटे अंबर, और अवधेश के साथ पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक प्रीतम दास पर बी-एन-एस की धारा 318 (4),316 (2), 115(2) 352, 351(3) 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है

Kal Ka Mausam: 22 नवंबर को किन राज्यों में बरसेंगे बादल और कहां छाएगा घना कोहरा? पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

चचेरे-ममेरे भाई-बहन की शादी पर लगेगी रोक? सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को भेजा नोटिस, जानें क्या है पूरा मामला

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का एक और पड़ाव पार! 50 किमी लंबे कॉरिडोर पर दौड़ी बिजली, यात्रियों के लिए खुशखबरी

बिहार की मिट्टी को नमन, छठ से नीतीश कुमार के सुशासन तक; वैशाली में पीएम मोदी के भाषण की 5 बड़ी बातें

UPI लेनदेन में महाराष्ट्र का दबदबा: 2.94 लाख करोड़ के ट्रांजेक्शन के साथ नंबर-1; जानें अन्य राज्यों का हाल