29 जून 2026 को हुई थी मृतका की शादी
मृतका के पिता ने पति पर लगाए गंभीर आरोप
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह स्पष्ट
Jhansi Woman Mysterious Death: झांसी में एक होटल में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान प्रेमनगर निवासी मुस्कान के रूप में हुई है,घटना के सीसीटीवी फुटेज में वह होटल के गेट के पास खड़ी दिखाई देती है। इसी दौरान कुछ ही सेकेंड के भीतर अचानक जमीन पर गिर जाती है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
मृतका के पिता रामजीलाल के मुताबिक, उन्होंने अपनी बेटी मुस्कान की शादी 29 जून 2026 को मध्य प्रदेश के विदिशा निवासी नीलेश के साथ की थी। पिता का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद उन्हें जानकारी मिली कि उनके दामाद के किसी अन्य महिला से संबंध हैं। इस बात को लेकर परिवार के मन में पहले से ही आशंकाएं थीं।
रामजीलाल ने बताया कि बीते रोज उनका दामाद नीलेश झांसी आया था। वह मुस्कान को अपनी मौसी के घर ले जाने की बात कहकर अपने साथ ले गया। कुछ समय बाद परिवार को सूचना मिली कि मुस्कान अस्पताल में भर्ती है और उसकी तबीयत बिगड़ गई है। परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पिता का आरोप है कि नीलेश बेटी को मौसी के घर ले जाने के बजाय होटल पहुंचा था। इसी बात को लेकर उन्होंने मुस्कान की मौत पर संदेह जताया है और झांसी पुलिस से पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, परिजनों की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में होटल का एक कर्मचारी आगे और उसके पीछे नीलेश व मुस्कान आते दिखाई देते हैं। कर्मचारी और पति कमरे के अंदर चले जाते हैं, जबकि मुस्कान गेट के पास खड़ी रहती है। इसके कुछ ही सेकेंड बाद वह अचानक जमीन पर गिर जाती है। अब इस घटना को लेकर मौत की वजह पर सवाल उठ रहे हैं।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि होटल के सीसीटीवी फुटेज में युवती अचानक गिरती दिखाई दे रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, मामले में मौत के कारणों की पुष्टि होना बाकी है।