

Jhansi Student Death Case: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गुरसराय थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगार में 19 वर्षीय बीए के छात्र लव पटेल ने अपने घर के कमरे में पिता की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले छात्र ने मोबाइल फोन पर एक वीडियो बनाया, जिसमें वह अपने माता-पिता को कष्ट देने की बात कहता नजर आ रहा है। वीडियो में उसने अपनी दिवंगत मां की तस्वीर दिखाते हुए उनके पास जाने की बात भी कही। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम सिंगार निवासी मुन्नालाल पटेल का इकलौता बेटा लव पटेल बीए की पढ़ाई कर रहा था। करीब 14 वर्ष पहले उसकी मां का निधन हो गया था। लव अपने पिता के साथ रहता था। बताया गया कि रविवार को वह घर के एक कमरे में गया और अंदर से दरवाजे की कुंडी बंद कर ली। इसके बाद उसने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजन उसे लेकर गुरसराय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना से पहले बनाए गए वीडियो में लव कहता नजर आ रहा है कि वह जो करने जा रहा है, अपनी मर्जी से कर रहा है। उसने कहा कि उसने अपने माता-पिता को बहुत कष्ट दिए हैं और उसे लगता है कि आगे भी वह उन्हें कष्ट देता रहेगा। इसके बाद उसने मोबाइल का कैमरा अपनी दिवंगत मां की तस्वीर की ओर घुमाया और कहा कि वह उन्हीं के पास जा रहा है। वीडियो में उसने पैसों का जिक्र करते हुए कहा कि उसे पैसे नहीं चाहिए। साथ ही उसने अपने दोस्तों, परिवार और रिश्तेदारों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया। हालांकि, इस वीडियो की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जानी बाकी है।
क्षेत्राधिकारी गरौठा पीयूष कुमार पांडे ने बताया कि ग्राम सिंगार निवासी करीब 19 वर्षीय लव पटेल ने घर के दरवाजे बंद कर अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली थी। स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पिता से बातचीत की, लेकिन घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस पंचायतनामा सहित अन्य विधिक कार्रवाई कर रही है। आत्महत्या के पीछे की वजह जानने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट- आकाश साहू