कुछ सपा नेताओं को पूछताछ के लिए पुलिस द्वारा एम्स थाने लाया गया
स्थानियों का कहना है कि ऐसे आयोजनों में आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए
घटना के बाद से पुलिस प्रशासन की कार्रवाई और राजनीतिक दलों की भूमिका चर्चा में
Political Rally Public Safety Measures: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की PDA रथयात्रा के दौरान 18 नवंबर को गोरखपुर में हुए हादसे के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। रथयात्रा के स्वागत में इस्तेमाल की गई JCB की चपेट में आने से 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत के मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने दोषियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इधर, मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस ने स्वागत कार्यक्रम में मौजूद समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों पर रातभर दबिश दी। कई ठिकानों पर पुलिस पहुंची, जबकि कुछ सपा नेताओं को पूछताछ के लिए रात में एम्स थाने भी लाया गया। घटना के बाद से ही पुलिस प्रशासन की कार्रवाई और राजनीतिक दलों की भूमिका चर्चा के केंद्र में है।
घटना के बाद समाजवादी पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से CCTV फुटेज का एक वीडियो साझा किया गया। हालांकि, जारी वीडियो काफी धुंधला और अस्पष्ट दिखाई दे रहा है। ऐसे में फुटेज से घटना की पूरी तस्वीर साफ नहीं हो पा रही है। जानकारों का मानना है कि केवल इस वीडियो के आधार पर घटना की जिम्मेदारी या किसी पक्ष के दावे की पुष्टि करना मुश्किल है। इसके लिए पुलिस जांच और स्पष्ट साक्ष्यों का सामने आना जरूरी है।
इस हादसे के बाद गोरखपुर के स्थानीय निवासियों ने सार्वजनिक कार्यक्रमों में बुल्डोजर के इस्तेमाल पर सवाल उठाए हैं। विवेक सिंह का कहना है कि राजनीतिक दलों के स्वागत कार्यक्रमों में बुल्डोजर से फूल बरसाने, भीड़ जुटाने और शक्ति प्रदर्शन की परंपरा पर रोक लगनी चाहिए। दीपक पांडेय ने कहा कि ऐसे आयोजनों में उत्साह और दिखावे के बजाय आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
गोरखपुर की यह घटना राजनीतिक दलों के लिए भी एक सबक है। सवाल सिर्फ एक कार्यक्रम या एक पार्टी का नहीं, बल्कि सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदारी का है। अब देखना होगा कि इस हादसे के बाद राजनीतिक दल अपने स्वागत कार्यक्रमों में बुल्डोजर जैसे भारी संसाधनों के इस्तेमाल को लेकर कितनी गंभीरता दिखाते हैं।