कथित तौर पर आरपीएफ के जवानों ने अधिवक्ता के साथ की अभद्रता-मारपीट
धार्मिक आस्था को भी चोट पहुँचाने का आरोप
अधिवक्ताओं ने इस घटना को लेकर जताई नाराजगी
Lawyer Assaulted by RPF Personnel: गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों और एक अधिवक्ता के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्टेशन परिसर में वाहन पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस दौरान आरपीएफ के जवानों ने अधिवक्ता प्रांजल कुमार दुबे के साथ कथित तौर पर अभद्रता और मारपीट की। अधिवक्ता ने जवानों पर उनकी चोटी (शिखा) पकड़कर खींचने और नोचने के साथ बंदूक के बट से पिटाई करने का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक, अधिवक्ता प्रांजल कुमार दुबे अपने किसी परिजन को छोड़ने के लिए गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान वाहन खड़ा करने को लेकर उनका आरपीएफ के जवानों से विवाद हो गया। अधिवक्ता का आरोप है कि विवाद के दौरान जवानों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उनकी धार्मिक आस्था से जुड़ी शिखा को पकड़कर खींचा गया और उसे नुकसान पहुंचाया गया। अधिवक्ताओं ने शिखा दिखाते हुए इस घटना को लेकर नाराजगी भी जताई है।
पीड़ित पक्ष ने आरपीएफ जवानों पर जबरन वीडियो बनवाने का दबाव डालने का आरोप भी लगाया है। गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर हुई इस घटना की जानकारी मिलने के बाद अधिवक्ताओं में आक्रोश का माहौल है। मामला सामने आने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है और दोनों पक्षों के बीच विवाद को शांत कराने तथा समझौते का प्रयास किया जा रहा है।
हालांकि, घटना को लेकर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच महत्वपूर्ण है। अब देखना होगा कि रेलवे सुरक्षा बल और पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।