Highlights:
पंकज चौधरी के आवास पर जुटेंगे सीएम योगी
दोनों डिप्टी सीएम, निषाद पार्टी और अपना दल के विधायकों के साथ भी होगी अलग बैठक
पूर्वांचल के सियासी समीकरणों पर होगा मंथन
Nitin Nabin-Yogi Adityanath BJP Meeting Gorakhpur: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने पूर्वांचल में सियासी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में गोरखपुर में भाजपा की कोर कमेटी की एक अहम बैठक होने जा रही है। यह बैठक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के गोरखपुर स्थित आवास पर आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक शामिल होंगे। बैठक में संगठन की स्थिति, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पूर्वांचल की राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा होने की संभावना है। खासतौर पर क्षेत्र की विधानसभा सीटों पर जातीय समीकरण, संगठन की मजबूती और एनडीए की चुनावी रणनीति को लेकर मंथन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भाजपा कोर कमेटी की बैठक के अलावा एनडीए के सहयोगी दल निषाद पार्टी और अपना दल के गोरखपुर क्षेत्र के विधायकों के साथ भी अलग बैठक प्रस्तावित है। इसकी अध्यक्षता भी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे। इस बैठक में गठबंधन के भीतर बेहतर समन्वय और पूर्वांचल में एनडीए की राजनीतिक मजबूती को लेकर चर्चा होगी।
बैठक में अपना दल के विधायक विनय वर्मा शामिल होंगे। वहीं निषाद पार्टी की ओर से विधायक अनिल त्रिपाठी, ऋषि त्रिपाठी, श्रवण निषाद, विवेकानंद पांडेय, डॉ. असीम कुमार राय और केतकी सिंह के शामिल होने की जानकारी है।
राजनीतिक दृष्टि से गोरखपुर में इन बैठकों को काफी अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश नेतृत्व और एनडीए के सहयोगी दलों के विधायकों का एक साथ जुटना मिशन-2027 की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। खासकर निषाद और अन्य पिछड़े वर्गों के बीच राजनीतिक पकड़ मजबूत करने तथा सहयोगी दलों के साथ तालमेल बनाए रखने के लिहाज से इस बैठक के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।
रिपोर्ट- अनुराग मिश्रा