

Highlights:
गोरखपुर में प्रबुद्धजनों से रूबरू हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन
विपक्ष पर मंथन के साथ सरकार की योजनाओं पर हुई चर्चा
एनेक्सी भवन में आयोजित हुई प्रबुद्धजन संवाद बैठक
विपक्ष की भूमिका और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विचार-विमर्श
BJP Intellectuals Meet Gorakhpur: दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को एनेक्सी भवन में आयोजित प्रबुद्धजन संवाद बैठक की अध्यक्षता की।
इस दौरान उन्होंने शहर के प्रबुद्ध वर्ग के लोगों से संवाद किया और विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक एवं समसामयिक विषयों पर चर्चा की। बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और प्रबुद्धजनों की मौजूदगी में प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों के साथ सरकार की नीतियों और उपलब्धियों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक का प्रमुख केंद्र विपक्ष की राजनीति, लोकतंत्र की रक्षा और भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं रहीं। चर्चा के दौरान विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे मुद्दों और उसके राजनीतिक रुख पर विचार रखे गए। भाजपा की ओर से विपक्ष पर भ्रामक प्रचार के जरिए अराजकता का माहौल बनाने का आरोप लगाते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जागरूकता और जनसंवाद को जरूरी बताया गया।
नितिन नवीन ने प्रबुद्ध वर्ग के लोगों से संवाद के माध्यम से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं और नीतियों के प्रभाव को लेकर भी चर्चा की। बैठक में इस बात पर जोर रहा कि समाज के जागरूक और प्रभावशाली वर्ग की भूमिका जनमत निर्माण में महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और राजनीतिक मुद्दों को आम लोगों तक पहुंचाने में प्रबुद्धजनों की भागीदारी अहम हो सकती है।
गोरखपुर में आयोजित यह बैठक भाजपा के संगठनात्मक और राजनीतिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पूर्वांचल में अपनी पकड़ मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रबुद्ध वर्ग के साथ सीधा संवाद पार्टी की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। इसके जरिए भाजपा समाज के प्रभावशाली वर्ग के बीच अपनी बात रखने और संगठन के पक्ष में सकारात्मक माहौल तैयार करने की कोशिश कर रही है।
रिपोर्ट: अनुराग मिश्रा