मौके पर पहुंची पुलिस, फोटो- सोशल मीडिया 
उत्तर प्रदेश

'मम्मी-पापा सॉरी...', सुसाइड नोट लिख तीन सगी बहनें 9वीं मंजिल से कूदीं, गेम खेलने से मना करने पर की आत्महत्या

Ghaziabad Triple Suicide: गाजियाबाद में ऑनलाइन गेम खेलने से रोकने पर तीन नाबालिग बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि पिता की डांट के बाद देर रात तीनों ने जान देने का प्लान बनाया

प्रतीक पाण्डेय

Korean Lover Game News: गाजियाबाद के टीलामोड़ इलाके में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक ही परिवार की तीन नाबालिग बहनों ने कथित तौर पर माता-पिता द्वारा ऑनलाइन गेमिंग पर टोकने के बाद सोसाइटी की 9वीं मंजिल से छलांग लगा दी। मंगलवार देर रात हुई इस सामूहिक आत्महत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में स्थित टीलामोड़ थानक्षेत्र की भारत सिटी सोसाइटी मंगलवार की रात एक ऐसी त्रासदी की गवाह बनी, जिसने हर किसी का दिल दहला दिया। सोसाइटी के बी-1 टावर के फ्लैट नंबर 907 में रहने वाले चेतन कुमार की तीन बेटियों ने देर रात करीब 2:30 बजे अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जानकारी के मुताबिक, जब उनके माता-पिता दूसरे कमरे में सो रहे थे, तब तीनों बहनों ने अपने कमरे की खिड़की से मौत की छलांग लगा दी।

सोसाइटी के लोगों का कहना है कि गिरने की तेज आवाज सुनकर वे मौके पर पहुंचे, जहाँ का मंजर देख उनके होश उड़ गए। बताया जा रहा है कि तीनों बहनों ने संभवतः एक-दूसरे का हाथ पकड़कर बालकनी से छलांग लगाई थी। मौके पर ही तीनों की मौत हो गई, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

गेमिंग की लत के चलते माता-पिता ने लगाई थी फटकार

इस खौफनाक कदम के पीछे जो वजह सामने आ रही है, वह आधुनिक डिजिटल दौर की एक बड़ी समस्या 'ऑनलाइन गेमिंग की लत' है। पुलिस जांच और शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीनों बहनें पिछले कुछ महीनों से ऑनलाइन गेम खेलने की आदी हो चुकी थीं। वे कथित तौर पर एक टास्क-बेस्ड कोरियन लवर गेम (Task-based Korean lover game) खेलती थीं।

घटना वाले दिन पिता ने उन्हें यह गेम खेलने से मना किया था और काफी फटकार भी लगाई थी। माता-पिता की इस आपत्ति और डांट से नाराज होकर तीनों नाबालिगों ने इतना आत्मघाती कदम उठा लिया। मृतकाओं की उम्र मात्र 16 वर्ष, 14 वर्ष और 12 वर्ष थी। इतनी कम उम्र में इस तरह का निर्णय लेना समाज और अभिभावकों के लिए एक बड़ी चेतावनी है।

'मम्मी-पापा सॉरी...'

बताया जा रहा है कि बच्चियों ने एक सुसाइड नोट भी लिखा है। नोट में बच्चियों ने मम्मी-पापा सॉरी लिखा और इसके बाद इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। माता पिता मामले को लेकर बेहद दुखी हैं जबकि पूरे सोसाइटी में ये घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

कोरोना काल के बाद बदली थी जीवनशैली

पुलिस जांच में परिवार की पृष्ठभूमि के बारे में भी कई जानकारी मिली है। बेटियों के पिता चेतन कुमार, जो मूल रूप से दिल्ली के निवासी हैं, पिछले तीन वर्षों से इस सोसाइटी में किराये पर रह रहे हैं और ऑनलाइन ट्रेडिंग का काम करते हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि कोरोना महामारी के दौर के बाद से ही तीनों बहनों ने अपनी पढ़ाई छोड़ दी थी। पढ़ाई छूटने के बाद से वे अपना अधिकांश समय मोबाइल और इंटरनेट पर बिताने लगी थीं, जिससे उन्हें गेमिंग की गंभीर लत लग गई थी।

पुलिस की कार्रवाई और डिजिटल जांच

एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब इस घटना के डिजिटल पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने तीनों बहनों के मोबाइल फोन को अपने कब्जे में ले लिया है और उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा ताकि उस विशेष गेम और टास्क के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा सके जिसे वे खेल रही थीं।

इसके अलावा, सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है ताकि घटनाक्रम का सटीक समय और क्रम पता चल सके। पुलिस यह समझने की कोशिश कर रही है कि क्या यह केवल डांट का परिणाम था या गेम के किसी टास्क ने उन्हें इस हद तक उकसाया था।

ऑनलाइन गेम्स का जानलेवा जाल

यह घटना एक बार फिर उन 'टास्क-बेस्ड' गेम्स की तरफ इशारा करती है, जो बच्चों को मानसिक रूप से अपने जाल में फंसा लेते हैं और उन्हें खतरनाक कदम उठाने के लिए प्रेरित करते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे गेम्स बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा प्रभाव डालते हैं, जिससे वे वास्तविकता और आभासी दुनिया के बीच फर्क करना भूल जाते हैं।

फर्जी एनकाउंटर डर: तिहाड़ से शामली ले जाए जाने पर दो गैंगस्टरों ने मांगी हथकड़ी-बेड़ियां और बुलेटप्रूफ जैकेट

लद्दाख में वायुसेना ने रचा इतिहास: 13,629 फीट की ऊंचाई पर उतरा गजराज; चीन सीमा पर बढ़ी भारत की क्षमता

2004 में सोनिया गांधी ने क्यों ठुकराया था प्रधानमंत्री पद, क्या राहुल और प्रियंका असली वजह; जानें अंदर की बात

अभिषेक बनर्जी के घर पर झड़प मामले में ममता ने दी सुप्रीम कोर्ट जाने की चेतावनी, BJP पर साजिश का लगाया आरोप

दिल्ली के बाद अब केरल हुआ सीजेपी का नया ठिकाना, जंतर-मंतर एट कोची में अभिजीत दिपके ने भरी हुंकार