BJP विधायक चंद्रभानु पासवान को ट्रेलर ने टक्कर मारी
सिर और पैर में चोट आई, अयोध्या से लखनऊ रेफर
पुलिस ने 15 किमी पीछा करने के बाद ट्रेलर ड्राइवर पकड़ा
MLA Chandrabhanu Paswan: अयोध्या में मिल्कीपुर से BJP विधायक चंद्रभानु पासवान सोमवार रात सड़क हादसे में घायल हो गए। अयोध्या के रानी बाजार में भंवहा क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी SUV को टक्कर मार दी।
हादसे में विधायक के सिर और पैर में चोट आई है। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत खतरे से बाहर है। वहीं पुलिस ने करीब 15 किलोमीटर पीछा करने के बाद ट्रेलर ड्राइवर को पकड़ लिया।
हादसा सोमवार रात करीब 8:30 बजे हुआ। विधायक चंद्रभानु पासवान भारतकुंड महोत्सव में शामिल होने जा रहे थे। उनका काफिला सरियावां क्रॉसिंग से मसौधा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान प्रभात नगर की तरफ से शाहगंज जा रहे ट्रेलर ने उनकी SUV में बाईं तरफ से टक्कर मार दी।
टक्कर SUV के उसी हिस्से में लगी, जहां विधायक ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठे थे। हादसे में उनके सिर और पैर में चोट आई। SUV बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। विधायक के साथ चल रहे तीन पुलिसकर्मियों को चोट नहीं आई।
टक्कर के बाद SUV का दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद विधायक को ड्राइवर की तरफ से बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार भिटोरिया के अनुसार, विधायक के सिर में चोट आई थी। डॉक्टरों ने चोट पर टांके लगाए।
उनका CT स्कैन कराया गया, जिसकी रिपोर्ट सामान्य आई। इसके बाद उन्हें दूसरी मेडिकल राय के लिए लखनऊ भेज दिया गया है, उनकी हालत खतरे से बाहर है।
हादसे की जानकारी मिलते ही DM शशांक त्रिपाठी और SSP गौरव ग्रोवर जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से विधायक की तबीयत के बारे में जानकारी ली। BJP के कई नेता और कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे। समाजवादी पार्टी के नेता अजीत प्रसाद ने भी विधायक का हाल जाना।