Police Arrived Information Ambedkar Statue Damaged: झांसी के देवरा गांव में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को दोबारा क्षतिग्रस्त किए जाने से तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया है। चार महीने के भीतर दूसरी बार हुई इस घटना ने पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मौके पर पहुंचे राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि इस बार ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
झांसी में चिरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम देवरा में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अराजक तत्वों ने एक बार फिर निशाना बनाया, प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और घटना को लेकर नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों का कहना है कि चार महीने पहले भी इसी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया था, लेकिन इसके बावजूद दोबारा ऐसी घटना होना सुरक्षा व्यवस्था और आरोपियों के खिलाफ हुई कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात संभालने में जुट गए। मामला सामने आने के बाद राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी गांव पहुंचकर विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस के बजेंद्र व्यास उर्फ टमडम महाराज, समाजवादी पीडीए कार्यकर्ता राहुल यादव, भीम आर्मी के मौनी शाक्य, पीतांबर पटेल और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा की।
प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि जब पहली घटना के बाद कार्रवाई की गई थी तो फिर दोबारा प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की हिम्मत कैसे हुई?
उनका कहना है कि बाबा साहेब की प्रतिमा का अपमान किसी एक गांव या समाज का नहीं, बल्कि संविधान और सामाजिक सम्मान से जुड़ा विषय है। उन्होंने प्रशासन से घटना में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
क्षेत्राधिकारी मोंठ सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि ग्राम देवरा में बाबा साहेब की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत कराकर उसे दुरुस्त कराया जा रहा है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर प्राप्त कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है।