आगरा में नगर निगम के टैंकर ने बाइक सवार दंपती को रौंद दिया (सोर्स : नवभारत लाइव)
आगरा

आगरा में स्कूली छात्रा के बाद अब रिटायर्ड सैनिक और पत्नी की गई जान, आखिर कब सुधरेगी शहर की यातायात व्यवस्था ?

Road Accident Husband Wife Agra: थाना शाहगंज क्षेत्र अंतर्गत अर्जुन नगर चौराहे पर नगर निगम के टैंकर ने बाइक सवार दंपती को रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रदीप कुमार रावत, शक्ति सौरभ

Highlights:

  • अर्जुन नगर चौराहे पर नगर निगम के टैंकर ने बाइक सवार दंपती को रौंदा

  • सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी सुखविंदर पत्नी रेखा को डॉक्टर को दिखाने जा रहे थे

  • हादसे के बाद लोगों ने लगाया जाम, शहर की यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल

Road Accident Increases Agra: ताजनगरी में यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए पुलिस उपायुक्त शहर और डीसीपी यातायात भले ही लगातार कवायद कर रहे हों, लेकिन शहर की सड़कों पर हालात कुछ और ही तस्वीर बयां कर रहे हैं।

अव्यवस्थित ट्रैफिक, वाहन चालकों की लापरवाही और भारी वाहनों की बेलगाम आवाजाही अब बेकसूर लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रही है। आए दिन हो रहे हादसों के बावजूद सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालात यह हैं कि सड़क पर निकलना भी लोगों के लिए जान जोखिम में डालने जैसा होता जा रहा है।

लगातार हो रहे हादसों से उठ रहे सवाल

बीते दिनों लोक निर्माण विभाग के वाहन की चपेट में आने से आर्मी पब्लिक स्कूल की एक छात्रा की दर्दनाक मौत थाना सदर क्षेत्र अंतर्गत हो गई थी। इस घटना के जख्म अभी भरे भी नहीं थे कि मंगलवार को थाना शाहगंज क्षेत्र अंतर्गत अर्जुन नगर चौराहे पर नगर निगम के टैंकर ने बाइक सवार दंपती को रौंद दिया।

हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। लगातार हो रहे इन हादसों ने शहर की यातायात व्यवस्था और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

चिकित्सक को दिखाने जा रहे थे दंपती, रास्ते में छिन गई जिंदगी

शहर के थाना शाहगंज के सराय ख्वाजा चौकी क्षेत्र में मंगलवार को हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अर्जुन नगर चौराहे के पास नगर निगम के टैंकर ने बाइक सवार दंपती को अपनी चपेट में ले लिया।

मृतकों की पहचान सुखविंदर और उनकी पत्नी रेखा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुखविंदर सेना से सेवानिवृत्त थे। वह अपनी पत्नी को चिकित्सक को दिखाने के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे। इसी दौरान नगर निगम के टैंकर की चपेट में आने से दोनों की जिंदगी खत्म हो गई।

आक्रोशित लोगों ने सड़क किया जाम

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। दंपती की मौत से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर शाहगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।

पुलिस ने घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों के आधार पर मृतकों की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं नगर निगम के टैंकर को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ईदगाह-खेरिया मोड़ ROB बंद, सड़कों पर बढ़ा वाहनों का दबाव

स्थानीय लोगों ने इस हादसे के बाद यातायात व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि ईदगाह-खेरिया मोड़ रेलवे ओवरब्रिज बंद होने के बाद से अर्जुन नगर और आसपास के मार्गों पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है।

बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन इस रास्ते से गुजर रहे हैं। ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही के बीच सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

सवाल यह है कि जब शहर में यातायात का दबाव बढ़ रहा है तो भारी वाहनों के संचालन और उनकी गति पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं किया जा रहा? पुलिस की ट्रैफिक सुधारने की कवायद के बीच आखिर सड़क पर आम नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन उठाएगा?

ट्रेन में अब नहीं मिलेगी पहले जैसी खाने की थाली, 8-10 की जगह परोसेंगे सिर्फ 4 आइटम; जानें नया मेन्यू

महिला कलेक्टर से कथित दुर्व्यवहार, TVK विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग; DMK सांसद ने उठाया CM विजय पर सवाल

PM मोदी ने किस व्यक्ति की फोटो नेपाल के प्रधानमंत्री को दी? जिससे वो भावुक हो गए

यूपी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को दिया मात्र 26 सीटों का ऑफर, इमरान मसूद भड़के; कहा- भीख नहीं मांग रहा

Bisleri का पानी ही जांच में फंसा तो लोकल बोतलों का क्या भरोसा? अवैध प्लांट में तैयार हो रहा सेहत का खतरा