PWD Inspection Agra Development Projects: लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के प्रमुख सचिव अजय चौहान ने बुधवार को आगरा पहुंचकर विभिन्न निर्माणाधीन एवं पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। उनके अचानक निरीक्षण कार्यक्रम से विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों में हड़कंप की स्थिति रही। प्रमुख सचिव ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्धता की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव अजय चौहान ने जिलाधिकारी मनीष बंसल के साथ शिल्पग्राम स्थित निर्माणाधीन यूनिटी मॉल एवं छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़ी इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और कार्यों में तेजी लाई जाए।
इसके बाद प्रमुख सचिव ने पीडब्ल्यूडी मुख्यालय लखनऊ से आए एचओडी एके द्विवेदी के नेतृत्व में गठित टीम को इंटीग्रेटेड मैनुफैक्चरिंग क्लस्टर (आईएमसी) के अंतर्गत निर्माणाधीन फोर लेन सड़क परियोजना का निरीक्षण करने भेजा। टीम द्वारा सड़क निर्माण में प्रयुक्त जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) सामग्री के नमूने जांच के लिए संकलित किए गए, ताकि निर्माण कार्य की गुणवत्ता का परीक्षण कराया जा सके।
यह भी पढ़ें- आगरा के कोचिंग सेंटर बन रहे हैं ‘लाक्षागृह’? दमकल विभाग की जांच में खुली सुरक्षा इंतजामों की पोल
अजय चौहान ने तारघर से मधुनगर (पुराना ग्वालियर रोड) तक हाल ही में कराए गए विशेष मरम्मत कार्य का भी निरीक्षण किया। सड़क की गुणवत्ता परखने के लिए मशीन से कोर कटिंग कर सैंपल लिए गए, जिन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के समय एचओडी पीडब्ल्यूडी लखनऊ एके द्विवेदी, मुख्य अभियंता एन.के. यादव, अधीक्षण अभियंता सी.पी. सिंह तथा अधिशासी अभियंता राघवेंद्र वर्मा सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रमुख सचिव के इस औचक निरीक्षण को विभागीय कार्यों की गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।