सड़क निर्माण और मानवीय दृष्टिकोण का बेजोड़ मॉडल; विस्थापित परिवारों को तैयारी के लिए मिला 1 सप्ताह का समय

Nayapura Rehabilation: भोपाल 10 लेन परियोजना नयापुरा में झुग्गियां हटाने पहुंची टीम, मंत्री विश्वास सारंग के हस्तक्षेप के बाद पहले मिलेगा पुनर्वास प्लॉट, फिर होगा विस्थापन।
Bhopal 10 Lane Road Project Nayapura Rehabilation
मंत्री विश्वास कैलाश सारंग (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bhopal 10 Lane Road Project: भोपाल में 10 लेन सड़क निर्माण परियोजना के अंतर्गत नयापुरा सेंट्रल जेल के समीप अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए NHAI, नगर निगम, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम पहुंची थी। प्रस्तावित कार्रवाई से क्षेत्र में निवासरत अनेक गरीब और श्रमिक परिवार प्रभावित होने वाले थे।

जैसे ही इस संबंध में जानकारी क्षेत्रीय विधायक एवं मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री विश्वास कैलाश सारंग को मिली, उन्होंने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से चर्चा कर सड़क निर्माण के साथ प्रभावित परिवारों को पुनर्वास हेतु प्लॉट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ।

गरीब परिवारों के पुनर्वास को प्राथमिकता देने के निर्देश

मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों के साथ-साथ गरीब परिवारों के हितों और उनकी आजीविका का भी पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवारों को पहले वैकल्पिक भूमि और आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए | उन्होंने कहा कि किसी भी गरीब परिवार को बेघर होने की स्थिति का सामना नहीं करना पड़ेगा और सरकार उनके पुनर्वास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।

शिफ्टिंग के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो

मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों के स्थानांतरण के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार को सम्मानपूर्वक और व्यवस्थित तरीके से नई जगह पर बसाने की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने यह भी सुनिश्चित कराया कि एनएचआई द्वारा प्रभावित परिवारों की शिफ्टिंग में हर संभव सहयोग किया जाएगा तथा लोगों को स्थानांतरण की तैयारी के लिए कम से कम एक सप्ताह का समय दिया जाएगा।

निवास के निकट ही उपलब्ध कराई जाएगी भूमि

मंत्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवारों को उनके वर्तमान निवास क्षेत्र के निकट ही भूमि उपलब्ध कराई जाए, जिससे बच्चों की पढ़ाई, रोजगार और दैनिक जीवन प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि पुनर्वास की प्रक्रिया मानवीय दृष्टिकोण और संवेदनशीलता के साथ पूरी की जाए।

मंत्री सारंग ने प्रस्तुत किया संवेदनशील विकास का मॉडल

मौके पर मंत्री सारंग ने स्पष्ट किया कि मध्य प्रदेश के विकास और आधारभूत संरचना निर्माण के कार्य आवश्यक हैं लेकिन विकास की कीमत गरीबों की पीड़ा नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं समय पर पूरी हों, साथ ही प्रभावित परिवारों के सम्मान और अधिकारों की भी रक्षा हो। मंत्री सारंग के हस्तक्षेप से क्षेत्र के लोगों में राहत का माहौल है।

स्थानीय रहवासियों ने मंत्री सारंग का जताया आभार

मंत्री विश्वास सारंग के संवेदनशील हस्तक्षेप के बाद क्षेत्र के स्थानीय रहवासियों और प्रभावित परिवारों ने राहत की सांस ली तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया। रहवासियों का कहना है कि यदि तत्काल कार्रवाई होती तो अनेक परिवारों के सामने आवास और आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो जाता।

लोगों ने कहा कि मंत्री सारंग ने मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पहले पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री के हस्तक्षेप से प्रभावित परिवारों में विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है जिससे क्षेत्रवासियों ने उनके प्रति धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com