आगरा में दिवाली पर कम हुई अग्निकांड की घटनाएं  (सोर्स : नवभारत लाइव)
आगरा

आगरा में दीपावली पर आग की 18 घटनाएं, पिछले साल से कम रहे अग्निकांड; 200 करोड़ के पटाखों से बढ़ा प्रदूषण

Diwali Fire Incident:दीपावली पर आग की घटनाओं में आई कमी दमकल विभाग की तैयारियों और कर्मचारियों की मुस्तैदी को दर्शाती है। प्रदूषण की स्थिति ने फिर पर्यावरण और लोगों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

प्रदीप कुमार रावत, शक्ति सौरभ

Highlights:

  • दीपावली पर आगरा में आग की 18 घटनाएं हुईं

  • पिछले साल 25 से 26 अग्निकांड हुए थे

  • 200 करोड़ से अधिक के पटाखों की बिक्री

  • आतिशबाजी से बढ़ा वायु प्रदूषण

Diwali Fireworks Incident Reduce : दीपावली पर आतिशबाजी की रोशनी ने जहां शहर को जगमग किया, वहीं इसके धुएं ने वातावरण को प्रदूषित करने में भी बड़ी भूमिका निभाई। आगरा सहित पूरे उत्तर भारत में इन दिनों वायु प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। दीपावली के बाद हवा में घुला धुआं और धूल लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं।

आगरा में इस बार दीपावली के दौरान 200 करोड़ रुपये से अधिक के पटाखों की बिक्री का अनुमान है। बड़े पैमाने पर हुई आतिशबाजी का असर शहर के आसमान में साफ दिखाई दिया। दूसरी ओर, आग लगने की घटनाओं के मामले में इस बार पिछले साल के मुकाबले कुछ राहत जरूर मिली है।

जिले में आग लगने की 18 घटनाएं

अग्निशमन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, दीपावली के दिन आगरा जिले में आग लगने की 18 घटनाएं सामने आईं, जबकि वर्ष 2025 में दीपावली पर करीब 25 से 26 अग्निकांड हुए थे। इस तरह पिछले साल की तुलना में इस बार आग की घटनाओं में कमी दर्ज की गई।

हालांकि, दीपावली के बाद भी आग लगने का सिलसिला जारी रहा। त्योहार से अब तक जिले में करीब 28 से 30 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें जगदीशपुरा क्षेत्र की एक फैक्ट्री में लगी आग भी शामिल है।

छुट्टियां निरस्त, सड़कों पर मुस्तैद रहे दमकलकर्मी

दीपावली पर आग की घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग ने पहले से ही विशेष इंतजाम किए थे। अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई थीं। सभी फायर टेंडर को अलर्ट पर रखा गया था। फैक्ट्री से लेकर रिहायशी इलाकों तक आग लगने की घटनाओं पर टीमों ने तत्काल कार्रवाई की।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दीपावली के दिन जनपद में आग लगने की 18 घटनाएं हुई थीं। इनमें फैक्ट्री और रिहायशी क्षेत्रों की घटनाएं भी शामिल थीं। विभाग के सभी फायर टेंडर सक्रिय रखे गए थे। कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर उनकी ड्यूटी लगाई गई थी। सभी ने पूरी मुस्तैदी के साथ काम किया और सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

200 करोड़ के पटाखों की बिक्री का अनुमान

आगरा में दीपावली पर पटाखों का कारोबार भी बड़े स्तर पर हुआ। अनुमान के मुताबिक, इस बार शहर में 200 करोड़ रुपये से अधिक के पटाखों की बिक्री हुई। दीपावली की रात आतिशबाजी के कारण शहर के कई हिस्सों में धुएं का गुबार छाया रहा।

इसका असर हवा की गुणवत्ता पर भी पड़ा। हालांकि, वायु प्रदूषण के लिए आतिशबाजी के साथ वाहनों का धुआं, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल और औद्योगिक उत्सर्जन भी जिम्मेदार हैं।

प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता

दीपावली के बाद प्रदूषण की स्थिति ने एक बार फिर पर्यावरण और लोगों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ा दी है। खासकर सांस, अस्थमा और हृदय संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए प्रदूषित हवा अधिक परेशानी पैदा कर सकती है।

इस बार दीपावली पर आग की घटनाओं में आई कमी दमकल विभाग की तैयारियों और कर्मचारियों की मुस्तैदी को दर्शाती है। हालांकि, त्योहार के बाद भी सामने आ रहे अग्निकांड और प्रदूषण की बिगड़ती स्थिति आगरा के सामने दोहरी चुनौती बनकर खड़ी है।

प्रदूषण का असर स्कूलों तक, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 5वीं तक ऑनलाइन-ऑफलाइन पढ़ाई के निर्देश

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, AIIMS में कराया गया भर्ती; डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF जवानों पर आतंकी हमला, गोलीबारी में तीन जवान घायल

भारतीय सेना में डॉक्टर बनने का मौका, आवेदन शुरू; जानें कौन और कैसे करें अप्लाई

प्लेन हाईजैक होने के बाद यात्रियों को सबसे पहले क्या करना चाहिए, ये ऑपशन्स हैं बेस्ट