

हली घटना दोपहर 3:14 बजे कोंढवा के कडनगर चौक में हुई।
शाम 7 बजे के बाद आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ीं।
खराड़ी में बीडी कामगार वसाहत की छत पर आग लगी।
मुंढवा पुल के पास दो बिल्डिंग के फ्लैट में आग पहुंची।
Pune Diwali Fire Incidents 24 Calls During Lakshmi Pujan: दिवाली के मौके पर लक्ष्मी पूजन के दिन पटाखे फोड़ने के दौरान पुणे शहर में आग लगने की 24 घटनाएं सामने आईं। दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे के बीच अग्निशमन दल को अलग-अलग इलाकों से आग लगने की सूचनाएं मिलीं।
कहीं घरों की बालकनी में आग लगी, तो कहीं इमारतों की छत, दुकानों, पेड़ों और खुले मैदानों में आग फैल गई। हालांकि, दमकलकर्मियों की तत्परता से सभी घटनाओं पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में जानमाल का नुकसान नहीं हुआ और न ही कोई घायल हुआ।
पुणे अग्निशमन विभाग के अनुसार, दोपहर 3.14 बजे कोंढवा के कडनगर चौक स्थित एक खाली इमारत के बेसमेंट में रखे सामान में आग लगने की पहली सूचना मिली। इसके बाद धायरी के डीएसके विश्व परिसर में खुले मैदान की घास, शिवाजीनगर के शिरोले रोड पर एक पेड़ और काशेवाड़ी के हरकानगर इलाके में कचरे में आग लगने की घटनाएं सामने आईं।
शाम 7 बजे के बाद आग लगने की घटनाओं में तेजी आई। सदाशिव पेठ के नागनाथ पार, वडगांव बुद्रुक, कात्रज के गोकुलनगर, सातारा रोड स्थित सिटीप्राइड के सामने, फुरसुंगी और सिंहगढ़ रोड के गोयल गंगा परिसर में आग लगने की सूचनाएं मिलीं। वहीं, कोथरूड में कृष्णा अस्पताल के पास एक इमारत की बालकनी, नाना पेठ में एक घर और भवानी पेठ में छत पर लगी तिरपाल में आग लग गई।
पुणे जिले में रात 8 बजे के बाद खराड़ी, कात्रज-कोंढवा रोड, टिंगरेनगर, शुक्रवार पेठ, गंज पेठ, सातारा रोड और पाषाण समेत कई इलाकों में आग लगने की घटनाएं हुईं। खराड़ी में बीडी कामगार वसाहत की छत पर आग लगी, जबकि मुंढवा पुल के आगे एक इमारत के फ्लैट में और एचपी पेट्रोल पंप के पीछे एक अन्य इमारत के फ्लैट में आग लग गई।
सातारा रोड पर सोनावणे इंडस्ट्रीज की दुकान में भी आग लगने की सूचना मिली। पाषाण के सोमेश्वरवाड़ी में खुले मैदान की घास और वारजे में आरएमडी कॉलेज के पास एक घर में आग लगी।
दिवाली के दौरान पटाखों से आग लगने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में नागरिकों से सावधानी बरतने और इमारतों की बालकनी, छतों तथा ज्वलनशील वस्तुओं के आसपास पटाखे नहीं फोड़ने की अपील की गई है।
- नवभारत लाइव के लिए पुणे से समीर सय्यद की रिपोर्ट