आगरा में आकाश आनंद की रैली (सोर्स- नवभारत लाइव)
आगरा

'मठ, गुजरात और सैफई से आएंगे नेता', आगरा में आकाश आनंद का BJP-सपा पर तीखा वार, कह डाली ये बड़ी बात

Akash Anand Agra Rally: बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने आगरा की एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन से चुनावी हुंकार भरी। इस दौरान उन्होंने सपा, बीजेपी और कांग्रेस को घेरा।

प्रदीप कुमार रावत, रवनेश विश्‍वकर्मा

Highlights:

  • आगरा में आकाश आनंद ने भरी यूवी चुनाव की हुंकार

  • कांग्रेस, बीजेपी और सपा पर जमकर बोला हमला

  • बोला- मायावती को पांचवीं बार सीएम बना दो, आगरा को जन्नत बना देंगे

UP Election 2027 BSP: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी सरगर्मी के बीच बहुजन समाज पार्टी ने भी अपनी चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने आगरा की एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन से चुनावी हुंकार भरी।

पूर्व सीएम मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने अपने संबोधन में भाजपा, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस तीनों को निशाने पर लेते हुए बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक, दलित उत्पीड़न और आरक्षण जैसे मुद्दों पर जमकर हमला बोला।

आकाश आनंद ने कहा कि चुनाव आते ही तमाम राजनीतिक दलों को आगरा और यहां के लोगों की याद आने लगती है। कोई मठ से आएगा, कोई गुजरात से तो कोई सैफई से आएगा। लेकिन हमें आगरा आने के लिए किसी से रास्ता पूछने की जरूरत नहीं है, क्योंकि हम यहीं के हैं।

मायावती के संघर्ष का उदाहरण देकर साधा निशाना

आकाश आनंद ने मायावती के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान ने हर व्यक्ति को एक वोट और एक कीमत का अधिकार दिया। इसी संवैधानिक ताकत के बल पर एक साधारण परिवार की बेटी उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य की चार बार मुख्यमंत्री बनीं।

उन्होंने कहा कि यह केवल मायावती की कहानी नहीं है, बल्कि समाज की उस हर बेटी के लिए उम्मीद है, जो संघर्ष के दम पर आगे बढ़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि बसपा किसी सरकार से चांद-तारे नहीं मांगती, बल्कि अच्छी शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाएं चाहती है।

भाजपा के दस साल के कार्यकाल पर मांगा हिसाब

भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए आकाश आनंद ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार को करीब दस साल होने जा रहे हैं, लेकिन जनता को विकास के नाम पर विज्ञापन ही दिखाई देते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब लोगों से पूछा जाता है कि सरकार ने क्या दिया तो जवाब मिलता है कि विज्ञापन खूब देखे हैं, लेकिन रोजगार का पता नहीं है।

उन्होंने सरकारी भर्तियों में खाली पदों, पेपर लीक और बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नौजवान सालों तक पढ़ाई करते हैं, परीक्षा फॉर्म भरते हैं, फीस जमा करते हैं, लेकिन परीक्षा से पहले ही पेपर बाजार में पहुंच जाता है।

कांग्रेस को बाबा साहब के मुद्दे पर घेरा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा संविधान और बाबा साहब का उल्लेख किए जाने पर आकाश आनंद ने कांग्रेस के इतिहास पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहब को चुनाव में हराने के लिए पूरी ताकत लगाई थी और लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद उन्हें भारत रत्न नहीं दिया।

सपा के PDA पर भी तीखा हमला

समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आकाश आनंद ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव की राजनीति और उनके इरादे समझ से परे हैं। उन्होंने आगरा में हुए सपा के दलित सम्मेलन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आते ही सपा एक दिन के लिए आंबेडकरवादी बन जाती है और नीले झंडे के सहारे दलित समाज को जोड़ने की कोशिश करती है।

उन्होंने सपा नेता प्रोफेसर रामगोपाल यादव के एक बयान को लेकर भी नाराजगी जताई। आरोप लगाया कि रामगोपाल यादव ने दलित समाज के युवाओं को मूर्ख कहकर उनका अपमान किया है। आकाश आनंद ने कहा कि रामगोपाल यादव और अखिलेश यादव को इस मामले में बहुजन समाज से माफी मांगनी चाहिए।

दोनों डिप्टी सीएम पर भी उठाए सवाल

आकाश आनंद ने भाजपा सरकार में दो उपमुख्यमंत्री होने के बावजूद दलित समाज को इस पद पर प्रतिनिधित्व नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार में दो-दो डिप्टी सीएम हैं, लेकिन उनमें से एक भी दलित समाज से नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि दलित समाज को सत्ता में वास्तविक भागीदारी देने के बजाय केवल दिखावे की राजनीति की जा रही है।

जूता उद्योग और रोजगार को लेकर आगरा पर फोकस

आकाश आनंद ने आगरा के स्थानीय मुद्दों को उठाते हुए शहर के जूता उद्योग और रोजगार की स्थिति पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कभी आगरा का जूता देश के हर घर तक पहुंचता था, लेकिन आज यहां के कारीगर और कामगार रोजगार के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बसपा शासनकाल में आगरा के विकास को गति मिली थी और आज भी आगरा-नोएडा एक्सप्रेसवे इसका उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि भाजपा अयोध्या, सपा इटावा और बसपा को आगरा से विशेष लगाव है। आकाश आनंद ने कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि बहनजी को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाया गया तो आगरा को जन्नत बनाने का काम करेंगे।

6 दिसंबर को लखनऊ पहुंचने का आह्वान

सम्मेलन में आकाश आनंद ने कार्यकर्ताओं से 6 दिसंबर को लखनऊ पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि उस दिन बहन मायावती स्वयं लोगों के बीच आकर अपना संदेश देंगी। उन्होंने एत्मादपुर से बसपा प्रत्याशी सर्वेश बघेल का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं और सम्मेलन में पहुंचे लोगों का आभार जताया।

राहुल गांधी के इजरायल पर बयान से असहमत हुए तुषार गांधी, बोले- नरसंहार से बड़े नहीं हो सकते रणनीतिक हित

Explainer: भारत में विमानों की कमी क्यों, जब एयरलाइनों ने 1,000 से ज्यादा जेट ऑर्डर कर रखे हैं?

बालेन शाह पहुंचे भारत, पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू के लिए लाए खास उपहार; क्यों है खास दौरा?

विधायक के PA की पत्नी हारीं चुनाव, गांव से हटवा दी गईं 50 स्ट्रीट लाइटें; ग्रामीण नाराज

कौन थे रामराव वडकुते? जिनके निधन पर PM मोदी ने जताया दुख, महाराष्ट्र में भाजपा को मजबूत करने में निभाई भूमिका