राजेंद्र पाल गौतम बोले- भाजपा ने 27 हजार स्कूल बंद कराए, चंदा चोरों को जनता सिखाएगी सबक
आराधना मिश्रा ने कहा- रोजगार देने वाले आगरा में युवा बेरोजगार, शहर की आर्थिक पहचान पर लगा ग्रहण
Agra UP Congress Workers Meeting: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने आगरा से चुनावी शंखनाद किया। मंडल स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के बहाने पार्टी ने न केवल अपने संगठन को सक्रिय करने का प्रयास किया, बल्कि भाजपा सरकार के खिलाफ बेरोजगारी, शिक्षा, किसान और कथित भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सियासी हमला भी बोला।
सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी सहित आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता पहुंचे।
सम्मेलन में प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने मथुरा में नारा दिया- 'राधे-राधे कमल खिला दे', जबकि कांग्रेस ने जवाब दिया है- 'राधे-राधे चंदा चोरों को सबक सिखा दे'। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने 27 हजार स्कूल बंद कराए, चंदे का दुरुपयोग किया और राजनीतिक दलों से लेकर सरकारों तक को प्रभावित किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने शिक्षा को महंगा कर बच्चों से शिक्षा का अधिकार छीनने का काम किया है। किसानों को बुवाई के अधिकार से वंचित किया जा रहा है और गन्ना किसानों का भुगतान भी नहीं हो रहा। जनता इन सभी मुद्दों को देख रही है और समय आने पर जवाब देगी।
प्रदेश प्रभारी ने एनकाउंटर के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई के नाम पर ब्राह्मणों, दलितों और मुस्लिमों की हत्याएं कराई गईं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में देश ने विकास की दिशा में प्रगति की, जबकि मौजूदा दौर में देश पिछड़ता दिखाई दे रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आगरा मोहब्बत का शहर होने के साथ-साथ रोजगार देने वाला प्रमुख शहर भी रहा है, लेकिन आज इसकी तस्वीर बदलती दिखाई दे रही है। कभी रोजगार के अवसरों के लिए पहचाने जाने वाले आगरा में आज युवा हताश और निराश हैं। रोजगार देने वाले शहर में युवा बेरोजगार घूमने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि चिंता केवल बेरोजगारी की नहीं, बल्कि पहले से संचालित रोजगार और कारोबार के अवसरों पर भी संकट मंडरा रहा है। युवाओं के भीतर इस स्थिति को लेकर गुस्सा है।
उन्होंने बताया कि मंडल स्तरीय शंखनाद सम्मेलन में आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद सहित आसपास के जिलों के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यकर्ताओं के सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से सुना गया है। पार्टी ने भरोसा दिया है कि कांग्रेस की सरकार बनने पर उनके सुझावों के आधार पर काम किया जाएगा और युवाओं को निराश नहीं होने दिया जाएगा।
इस दौरान मीडिया से बात करते हुए आराधना मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस ने कभी धर्म और जाति के नाम पर राजनीति नहीं की। पार्टी हमेशा अल्पसंख्यकों, दलितों, पिछड़ों और अगड़े वर्ग सहित सभी लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों के बीच गठबंधन होते रहते हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही है। चंद्रशेखर और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के चुनावी प्रभाव पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि 2022 और 2024 के चुनावों में उन्हें आधा प्रतिशत से भी कम मत प्रतिशत मिला था। उन्होंने भरोसा जताया कि उत्तर प्रदेश की जनता 2027 में भी 2024 की तरह समझदारी से फैसला करेगी।
भाजपा पर धार्मिक आस्था को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए आराधना मिश्रा ने कहा कि भाजपा ने शुरुआत से ही भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति की है। उन्होंने राम मंदिर के चंदे में कथित चोरी का आरोप लगाते हुए इसे सनातन आस्था पर आघात बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने राम के नाम पर वोट मांगे और अब मथुरा में राधे-राधे के नारे का सहारा ले रही है। अयोध्या में भाजपा की हार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने पार्टी को जवाब दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि बांके बिहारी की कृपा ईमानदार लोगों के साथ है।
आगरा में आयोजित इस सम्मेलन के जरिए कांग्रेस ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और भाजपा के खिलाफ मुद्दों को धार देने की कोशिश की। रोजगार, किसान, शिक्षा और धार्मिक मुद्दों पर पार्टी के नेताओं के हमलों से साफ है कि कांग्रेस आगामी चुनाव में इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने की तैयारी कर रही है।