घटना स्थल पर पुलिस- मृतक की फाइल फोटो (सोर्स- नवभारत लाइव)
आगरा

आगरा के रोहता में सनसनीखेज वारदात; युवक ने युवती को गोली मारकर खुद को भी मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस

Agra Rohata Shooting: आगरा के रोहता में युवक ने युवती को गोली मारने के बाद खुद को गोली मार ली। युवक की मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर घायल है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। दोनों एक-दूसरे को जानते थे।

प्रदीप कुमार रावत, स्निग्धा श्रीवास्तव

Agra Shooting Incident: थाना सदर क्षेत्र के रोहता में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने युवती को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली। घटना में युवक की मौत हो गई, जबकि गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि पुलिस को करीब डेढ़ से दो बजे के बीच सूचना मिली थी कि एक युवक ने महिला को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां युवती गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं वारदात को अंजाम देने वाले युवक की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है। मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

युवक और युवती एक-दूसरे को जानते थे

डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक और युवती एक-दूसरे को जानते थे। आगरा पुलिस इस मामले में सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। वारदात के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर अभी पुलिस किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।

जांच में यह भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है कि बीते वर्ष युवती ने युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। डीसीपी सिटी के मुताबिक बाद में युवती ने धारा 164 के तहत अपने बयान दर्ज कराए थे, जिसमें उसने युवक पर लगाए गए आरोपों को वापस ले लिया था।

इसके बाद दोनों के बीच क्या बातचीत हुई और किन परिस्थितियों में बुधवार को अचानक यह खूनी वारदात हुई, पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।

पहले युवती को गोली मारी, फिर खुद को गोली

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक रोहता क्षेत्र में एक नव विकसित कॉलोनी के पास युवक और युवती की मौजूदगी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और युवक ने युवती को गोली मार दी। गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल होकर गिर गई।

इसके बाद युवक ने खुद को भी गोली मार ली। पुलिस के पहुंचने तक युवक की मौत हो चुकी थी। घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस खंगाल रही हर पहलू

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी और डीसीपी सिटी समेत पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। वारदात में इस्तेमाल हथियार, गोली चलने की वजह, दोनों के बीच संबंध और घटना से पहले हुई बातचीत समेत तमाम बिंदुओं को जांच में शामिल किया गया है।

डीसीपी सिटी ने साफ किया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल घटना को किसी एक वजह से जोड़कर अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। युवती के बयान और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की तस्वीर साफ होगी।

युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है और पुलिस की ओर से मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

INDIA Alliance Protest Live: जंतर-मंतर पर सियासी रण; पुलिस हिरासत में राहुल, प्रियंका गांधी

बैरिकेड, धक्का-मुक्की और हिरासत...राहुल गांधी को पुलिस ने रोका, प्रियंका बोलीं- मुझे जगह-जगह खरोंचा गया

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर अड़े राहुल गांधी, बोले- 100 FIR भी मंजूर, हर केस मेरे लिए मेडल

दिल्ली के सीमापुरी इलाके में एक चार मंजिला इमारत गिरी, कई लोग मलबे में दबे

प्रदर्शन के दौरान पुलिस पहनेगी बॉडी कैमरा? दिल्ली HC के फैसले का मतलब समझें