आगरा में अचानक सड़क धंसी (सोर्स: नवभारत लाइव)
आगरा

आगरा में बड़ा हादसा टला: अचानक सड़क धंसी, सुबह टहलने निकले लोगों के बीच मचा हड़कंप; VIDEO वायरल

Agra Road Caved: आगरा के थाना हरिपर्वत क्षेत्र में पालीवाल पार्क के सामने अचानक सड़क धंसने की घटना से बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

प्रदीप कुमार रावत, नमिता प्रजापति

Highlights

  • वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल

  • नगर निगम की कार्यप्रणाली कठघरे में

  • सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर उठे सवाल

Agra Road Caving Incident: ताजनगरी में सड़कों के धंसने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार सुबह थाना हरिपर्वत क्षेत्र में पालीवाल पार्क के सामने अचानक सड़क धंसने से हड़कंप मच गया। सुबह के समय पार्क में बड़ी संख्या में लोग टहलने पहुंचते हैं, जिनमें बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल रहते हैं। ऐसे में सड़क धंसने की घटना से बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली और शहर में कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। सड़क धंसने की घटना ने एक बार फिर बुनियादी सुविधाओं और निर्माण कार्यों की निगरानी को लेकर चर्चा तेज कर दी है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर सड़क पर आवाजाही रोक दी, ताकि कोई व्यक्ति धंसी हुई सड़क की चपेट में न आए। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर सड़क किन कारणों से धंसी और निर्माण कार्य में कहीं गुणवत्ता की अनदेखी तो नहीं हुई।

मौके पर पहुंचे कांग्रेस महानगर अध्यक्ष, नगर निगम पर लगाए आरोप

सड़क धंसने की जानकारी मिलने पर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि शहर में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम लोगों की जिंदगी के साथ खुलेआम खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने नगर निगम में करोड़ों रुपये के घोटाले होने का आरोप लगाते हुए मामले को गंभीर बताया।

अमित सिंह ने सांसद और आगरा प्रशासन से घटना का संज्ञान लेने की मांग की। उनका कहना है कि सड़कों का निर्माण और रखरखाव सीधे तौर पर आम लोगों की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। यदि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी होती है, तो इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ सकता है।

वायरल वीडियो ने फिर खड़े किए सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल

पालीवाल पार्क के सामने सड़क धंसने की घटना और उसका सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। सड़क धसने से सावलिया भी है कि ठेकेदार और नगर निगम अधिकारियों ने भ्रष्टाचार किया है या फिर कुछ और ही मामला है। यह तो जांच के बाद ही साफ हो सकेगा। यह साफ हो गया है कि आगरा की सड़क अब आम आदमी के लिए सुरक्षित नहीं रही है, यह पहली बार नहीं हुआ जब आगरा में सड़क धसने का मामला सामने आया हो। कमला नगर एमजी रोड दयालबाग जैसे पॉश एरिया में सड़कें इस बार खूब धंसी हैं।

अब जरूरत है कि संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण कर सड़क धंसने के कारणों का पता लगाए। साथ ही सड़क के निर्माण, इस्तेमाल की गई सामग्री और रखरखाव की जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

फिलहाल, सड़क धंसने की घटना ने शहर में सड़क निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि आगरा प्रशासन और संबंधित विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।

आंध्र प्रदेश में बड़ा हादसा, सड़क निर्माण स्थल पर 3 जीपों में लगी आग, 5 लोगों की जलकर मौत, 3 घायल

नामांकन के बीच आंध्र प्रदेश में सियासी घमासान, पूर्व महिला मंत्री के साथ पुलिस ने की धक्का-मुक्की, देखें VIDEO

Sonia Gandhi: कैम्ब्रिज के ग्रीक रेस्टोरेंट में हुई थी राजीव गांधी से पहली मुलाकात, सुनाया दिलचस्प किस्सा

भारत-चीन सीमा विवाद पर सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष! असदुद्दीन ओवैसी ने विशेष संसद सत्र बुलाने को कहा

सबरीमाला मंदिर घोटाला: प्रसाद के 11 हजार लीटर घी में हेराफेरी का बड़ा खुलासा, ठेकेदार गिरफ्तार