Agra Police Viral Video: पुलिसिंग में सुधार और पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए पुलिस आयुक्त दीपक कुमार लगातार अधिकारियों और मातहतों को दिशा-निर्देश देते नजर आते हैं। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों से जुड़े कुछ ऐसे वीडियो सामने आ रहे हैं, जो विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र के शास्त्रीपुरम गोल चक्कर के पास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वर्दी पहने एक पुलिसकर्मी कथित तौर पर नशे की हालत में जमीन पर पड़ा दिखाई दे रहा है।
वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी एक गाड़ी के पास जमीन पर गिरा हुआ नजर आ रहा है। उसके शरीर पर पुलिस की वर्दी है। वीडियो में पुलिसकर्मी की हालत देखकर उसके नशे में होने की बात कही जा रही है। हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता और पुलिसकर्मी के नशे में होने की वास्तविक स्थिति की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
वीडियो में पुलिसकर्मी के हेलमेट को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो के बाद यह सवाल भी उठाया जा रहा है कि यदि संबंधित पुलिसकर्मी ड्यूटी पर था तो उसकी इस हालत की जानकारी विभागीय अधिकारियों को क्यों नहीं हुई।
खास बात यह है कि वीडियो ऐसे दिन सामने आया है, जब ड्राई डे के चलते शराब की बिक्री पर प्रतिबंध रहता है। ऐसे में सोशल मीडिया पर यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि वीडियो में दिखाई दे रहा पुलिसकर्मी वास्तव में शराब के नशे में था तो उसके पास शराब कैसे पहुंची।
यह पहला मौका नहीं है जब आगरा में पुलिसकर्मियों से जुड़े इस तरह के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हों। ऐसे वीडियो पुलिस विभाग की छवि और पुलिसिंग को लेकर सवाल खड़े करते रहे हैं। हालांकि, इस मामले में अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा पुलिसकर्मी आगरा कमिश्नरेट के किस थाने या इकाई में तैनात है।
पुलिसकर्मी की पहचान और तैनाती की जानकारी जुटाई जा रही है। पूरे मामले में जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि वीडियो कब का है, पुलिसकर्मी की वास्तविक स्थिति क्या थी और वह उस समय ड्यूटी पर था या नहीं। जांच के आधार पर ही संबंधित पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी भी तय हो सकेगी।
फिलहाल वायरल वीडियो ने एक बार फिर आगरा पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा छेड़ दी है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि पुलिस विभाग इस वीडियो का संज्ञान लेकर क्या कार्रवाई करता है।