गिरफ्तार आरोपी (सोर्स- नवभारत लाइव)
आगरा

आगरा में चेन-मंगलसूत्र लूट का खुलासा; अंतरजनपदीय गैंग के दो आरोपी गिरफ्तार, 40 हजार रुपये और बाइक बरामद

Agra Crime News: आगरा के जगदीशपुरा में महिला से चेन और मंगलसूत्र लूटने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार। आगरा पुलिस ने 40 हजार रुपये, पीली धातु और वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद की है।

प्रदीप कुमार रावत, स्निग्धा श्रीवास्तव

Highlights:

  • 44 से अधिक मुकदमों में नामजद बताया गया अमित गुप्ता

  • बड़े शहरों में रेकी कर वारदातों को देते थे अंजाम

  • पुलिस ने सोने के आभूषण का टुकड़ा, नकदी और बाइक की बरामद

Agra Chain Snatching Case: अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए जुटी आगरा पुलिस ने जगदीशपुरा क्षेत्र में महिला से चेन और मंगलसूत्र लूटने की वारदात का खुलासा किया है। थाना जगदीशपुरा पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अंतरजनपदीय गैंग के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी बड़े शहरों में पहले रेकी करते थे और फिर मौका मिलते ही लूट व चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। गिरफ्तार आरोपियों में अमित गुप्ता कानपुर नगर का रहने वाला है, जबकि दूसरा आरोपी विजय बिहार का निवासी बताया गया है।

बेटी के साथ जा रही महिला को बनाया था निशाना

पुलिस के मुताबिक, जगदीशपुरा क्षेत्र में श्याम वृंदावन अपार्टमेंट के पास एक महिला अपनी बेटी के साथ जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश अचानक उसके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर उसकी चेन और मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

वारदात के खुलासे के लिए जगदीशपुरा पुलिस के साथ सर्विलांस और एसओजी की टीमों को लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्धों की गतिविधियों और मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए कार्रवाई तेज की।

पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तारी, लूट का सामान बरामद

पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को पथौली-बिचपुरी नहर के पास स्थित पेट्रोल पंप के निकट दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 15.3 ग्राम पीली धातु का टुकड़ा, 40 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इसके अलावा छोटा गैस सिलेंडर, गैस गन, जॉनसन स्लेट और दो मोबाइल फोन भी पुलिस को मिले हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर चेन को गलाकर उसके दो टुकड़े करने की बात बताई। पुलिस बरामद सामान और घटना में आरोपियों की भूमिका के संबंध में आगे की जांच कर रही है।

अमित गुप्ता पर 44 से अधिक मुकदमे दर्ज होने का दावा

डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार ने मीडिया को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अमित गुप्ता बेहद शातिर अपराधी है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर 44 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें कानपुर नगर और लखनऊ से जुड़े मामले भी शामिल हैं। दूसरे आरोपी विजय के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

डीसीपी के अनुसार, अमित गुप्ता जिस शहर में जाता था, वहां बड़े प्रतिष्ठानों और अन्य स्थानों की रेकी करता था। इसके बाद मौका देखकर लूट या झपटमारी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाता था।

आगरा पुलिस की इस कार्रवाई को चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क, अन्य संभावित वारदातों और आपराधिक संपर्कों की जानकारी जुटाने में लगी है।

थुम्मीदिहेट्टी बैराज विवाद: CM फडणवीस से मिले रेवंत रेड्डी, तेलंगाना की मांग पर महाराष्ट्र बनाएगा अध्ययन समिति

100 करोड़ के घोटाले में तमिलनाडु के पूर्व शिक्षामंत्री अनबिल पोय्यामोझी गिरफ्तार, DMK ने लगाया गंभीर आरोप

बिना पुख्ता सबूत के 6 साल जेल में रहा शख्स, सुप्रीम कोर्ट ने बताया न्याय का मजाक; UP सरकार देगी मुआवजा

कई समझौतों के बाद भी नहीं सुलझा सीमा विवाद, क्या अब भारत-चीन निकाल पाएंगे हल; दोनों सेनाओं में झड़प की कहानी

खरगे के बयान पर भड़के नितिन नबीन, बोले- कांग्रेस की विरासत बन गई अपमानजनक भाषा