आगरा में पेठा पर प्रदूषण का संकट (सोर्स- नवभारत लाइव)
आगरा

आगरा के पेठे की मिठास पर प्रदूषण का दाग! यमुना में गिर रहे करीब 90 नाले, अब पेठा इकाइयों के पानी पर उठे सवाल

Agra Petha Pollution: आगरा में पेठा पर प्रदूषण का संकट खड़ा हो गया है। कद्दू की सफाई में इस्तेमाल चूने के पानी के निस्तारण को लेकर पर्यावरण चिंतक ने यमुना प्रदूषण की आशंका जताई है।

प्रदीप कुमार रावत, रवनेश विश्‍वकर्मा

Highlights:

  • आगरा के करीब 90 नाले यमुना में गिर रहे हैं, सिर्फ 20 नाले टेप किए गए हैं

  • पेठा निर्माण में चूने के पानी से प्रदूषण की आशंका, पर्यावरण चिंतक ने NGT में याचिका दायर की

  • पेठा कारोबारियों ने आरोप नकारे, कहा- निर्माण में हानिकारक केमिकल का इस्तेमाल नहीं होता

Agra Yamuna River Pollution: ताजमहल की खूबसूरती और आगरा के पेठे की मिठास दुनिया भर में मशहूर है। ताजमहल का दीदार करने आने वाला शायद ही कोई पर्यटक ऐसा हो, जो आगरा के पेठे का स्वाद चखे बिना लौटता हो। पर्यटक यहां से पेठा खरीदकर अपने साथ दूसरे शहरों और देशों तक ले जाते हैं। लेकिन अब आगरा की इसी मिठास पर प्रदूषण का सवाल खड़ा हो गया है।

पेठा निर्माण के दौरान कद्दू की सफाई में इस्तेमाल होने वाले चूने के पानी के निस्तारण को लेकर पर्यावरण चिंतक ने यमुना प्रदूषण की आशंका जताई है। वहीं, यमुना में पहले से ही करीब 90 नालों के गिरने का मामला नदी की स्वच्छता को लेकर नगर निगम और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

पर्यावरण चिंतक डॉ.देवाशीष भट्टाचार्य का आरोप है कि पेठा निर्माण के दौरान सफाई में इस्तेमाल होने वाला पानी नालियों के रास्ते यमुना में पहुंचता है। आगरा में पहले से ही बड़ी संख्या में नाले सीधे यमुना में गिर रहे हैं। ऐसे में पेठा इकाइयों से निकलने वाले पानी के निस्तारण की भी वैज्ञानिक तरीके से जांच होनी चाहिए। इस मुद्दे को लेकर उन्होंने नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) में जनहित याचिका दायर की है, जो फिलहाल लंबित है।

यमुना में करीब 90 नाले, 20 के आसपास ही टेप

यमुना प्रदूषण का सबसे गंभीर पहलू शहर के नालों से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, आगरा में करीब 90 नाले यमुना नदी में गिर रहे हैं। इनमें से लगभग 20 नालों को टेप किए जाने की बात कही जा रही है। नगर निगम के पर्यावरण अधिकारी पंकज भूषण ने भी माना है कि कई नाले सीधे यमुना में गिर रहे हैं। उन्होंने बताया कि करीब 20 नालों को टेप किया गया है और इनका पानी एसटीपी से उपचारित होने के बाद आगे छोड़ा जाता है। इसके अलावा तीन नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) पर काम चल रहा है।

यह स्थिति बताती है कि यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए अभी लंबा रास्ता तय करना बाकी है। एक तरफ करोड़ों रुपये की योजनाओं और नालों की टैपिंग के दावे किए जा रहे हैं, तो दूसरी तरफ नदी में सीधे गिरते नाले प्रदूषण नियंत्रण की वास्तविक स्थिति पर सवाल उठा रहे हैं।

डॉ. भट्टाचार्य बोले- दावों और जमीनी हकीकत में अंतर

डॉ.देवाशीष भट्टाचार्य ने नवभारत से बातचीत में कहा कि सरकार यमुना की सफाई और प्रदूषण नियंत्रण पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। दावा किया जाता है कि आगरा के नालों को टेप कर दिया गया है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग दिखाई देती है। उनके मुताबिक, शहर के तमाम नाले आज भी सीधे यमुना में गिर रहे हैं और नदी को लगातार प्रदूषित कर रहे हैं। उन्होंने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब इतने बड़े स्तर पर नाले यमुना में गिर रहे हैं, तो उन्हें रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही?

नगर निगम बोला- तीन नए एसटीपी पर चल रहा काम

वहीं, आगरा नगर निगम के पर्यावरण अधिकारी पंकज भूषण का कहना है कि करीब 20 नालों को टेप किया गया है। इनका पानी एसटीपी में उपचारित होने के बाद आगे छोड़ा जाता है। उन्होंने स्वीकार किया कि अभी कई नाले सीधे यमुना में गिर रहे हैं। इनकी समस्या के समाधान के लिए तीन नए एसटीपी पर काम चल रहा है। पेठा निर्माण के संबंध में उनका कहना है कि सफाई में इस्तेमाल होने वाला पानी चूने का होता है और उनके अनुसार इससे प्रदूषण नहीं होता।

पेठा उद्यमियों ने भी प्रदूषण के आरोप नकारे

पेठा कारोबारी दीपक और पवन कुमार गर्ग का कहना है कि पेठा बनाने की प्रक्रिया में किसी हानिकारक केमिकल का इस्तेमाल नहीं होता। कद्दू की सफाई में प्राकृतिक चूने का उपयोग किया जाता है। उनका दावा है कि प्रक्रिया में पानी की खपत अधिक होती है, लेकिन इसमें हानिकारक रासायनिक पदार्थ नहीं मिलाए जाते। उद्यमियों ने पेठा निर्माण को प्रदूषण का कारण मानने से इनकार किया है।

यमुना की सफाई के दावों की होगी असली परीक्षा

अब इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब शहर के करीब 90 नालों में से लगभग 20 ही टेप होने की बात सामने आ रही है, तो बाकी नालों के पानी को यमुना में जाने से रोकने की व्यवस्था कब होगी? तीन नए एसटीपी बनने के बाद स्थिति कितनी सुधरेगी? पेठा इकाइयों से निकलने वाले पानी की गुणवत्ता की जांच कौन करेगा?

पेठा उद्योग आगरा की पहचान और हजारों परिवारों की आजीविका से जुड़ा है। इसलिए बिना वैज्ञानिक जांच के इस उद्योग को प्रदूषण का जिम्मेदार ठहराना भी उचित नहीं होगा।

राजस्थान पंचायत चुनाव में BJP क्यों हारी? जानें 5 बहुत बड़े कारण; 20 मंत्री नहीं बचा पाएं अपना गढ़

IIT खड़गपुर के 75 साल पूरे, पीएम नरेंद्र मोदी ने जारी किया स्मारक सिक्का, छात्रों से की खास बातचीत

महाराष्ट्र में भारत के पहले 100% इलेक्ट्रिक हाइड्रोफॉइल जहाज का सफल परीक्षण, समंदर में दौड़ा कंडेला P-12 जहाज

फिल्म धुरंधर से बिल्कुल अलग है दाऊद इब्राहिम की असली जिंदगी? पूर्व FBI एजेंट कामरान फरीदी ने किए कई बड़े दावे

Rajasthan Panchayat Election Result 2026: 419 पंचायत समितियों में 275 में कांग्रेस जीती, भाजपा को सिर्फ 63