कार्यक्रम के दौरान अधिकारी (सोर्स- नवभारत लाइव)
आगरा

आगरा के रोहता में सजा खुशियों का मंच, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 248 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

Agra News: आगरा के रोहता में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 248 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इस दौरान नवदंपतियों को गृहस्थी का सामान देकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आशीर्वाद भी दिया।

प्रदीप कुमार रावत, स्निग्धा श्रीवास्तव

CM Samuhik Vivah Yojana Agra: सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को ग्वालियर रोड स्थित रोहता के बाबा मैरिज होम में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। समारोह में 248 जोड़ों का विवाह विधि-विधान और गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण, मंगल गीतों और विवाह की रस्मों के बीच नवविवाहित दंपतियों ने एक-दूसरे का हाथ थामा। इस दौरान वर-वधू के परिजनों में खुशी और उत्साह का माहौल रहा।

समारोह में महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश और जिलाधिकारी मनीष बंसल सहित जनपद के जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की। अतिथियों ने नवविवाहित दंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। विवाह की रस्में विभिन्न रीति-रिवाजों और परंपराओं के अनुसार संपन्न कराई गईं। मंत्रोच्चारण और मंगल गीतों से कार्यक्रम स्थल का वातावरण उल्लासपूर्ण बना रहा।

गृहस्थी का सामान देकर नवदंपतियों को किया लाभान्वित

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत नवीन शासनादेश के अनुसार नवविवाहित दंपतियों को गृहस्थी की आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। इसमें डिनर सेट, डबल बेड, दो कंबल, तकिया, गद्दा, आयरन प्रेस, सीलिंग फैन, ट्रॉली बैग, वैनिटी किट, दीवार घड़ी, कूलर, पांच लीटर कुकर, कड़ाही सहित अन्य सामान शामिल रहा। इसके अलावा वधुओं को साड़ी, ब्राइडल लहंगा, पेटीकोट, चुनरी, सिंदूर, चूड़ी सेट और कंगन सेट आदि सामग्री भी दी गई।

कार्यक्रम में वर-वधू के परिजनों और अतिथियों के लिए बैठने, भोजन, पेयजल, साफ-सफाई और चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से समारोह को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के इंतजाम किए गए।

जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने समारोह स्थल पर नवविवाहित दंपतियों को दी जा रही गृहस्थी की सामग्री, भोजन की गुणवत्ता और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के विवाह योग्य युवक-युवतियों को विवाह के अवसर पर आर्थिक सहयोग और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। योजना के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सहायता प्रदान की जाती है।

सेवा संकल्प अभियान के तहत महीनेभर होंगे कार्यक्रम

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जनपदभर में विभिन्न जनकल्याणकारी और सेवा-समर्पित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को विभिन्न विद्यालयों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता, करियर काउंसलिंग तथा स्वच्छता अभियान आयोजित किए गए। इससे पहले अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर और विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर टूलकिट वितरण सहित विभिन्न कार्यक्रम हुए।

अभियान के आगामी कार्यक्रमों में ‘आशीर्वाद का दीया’ सहित विभिन्न सेवा, जनजागरूकता और जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रशासन की ओर से अभियान के दौरान जनपद में लगातार कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी दी गई।

समारोह में ब्लॉक प्रमुख राजू प्रधान, महाराज सिंह, मंडल अध्यक्ष हरिमोहन कुशवाह, जिला विकास अधिकारी भावना यादव, समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र पाल सिंह, डीसी एनआरएलएम प्रेमचंद, डीसी मनरेगा रामायण सिंह यादव सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और वर-वधू के परिजन मौजूद रहे। समारोह सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ।

DUSU Election Result 2026 LIVE: वोटों की गिनती जारी, ABVP-NSUI में कांटे की टक्कर; हर अपडेट यहां

कमर्शियल जहाज को निशाना बनाने का मुद्दा फिर UN में उठा, मनमाने दखल पर जताई चिंता; नाविकों की मौत पर सवाल

सरकारी नौकरी की ओर बढ़े कदम, 20वें रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे PM मोदी

Weather Update: राजस्थान से मानसून की विदाई के संकेत, अंडमान समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

इंस्टाग्राम के जरिए देश को बांटने की साजिश, ISIS के 9 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट में सनसनीखेज खुलासा