भाजपा नेता सीटू चौहान की घोषणा, ब्राह्मण समाज के साथ बैठक में तय होगा स्थापना स्थल
प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि दान का स्वागत, जमीन नहीं मिली तो निजी खर्च से खरीदेंगे भूमि
परशुराम की प्रतिमा स्थापना की घोषणा को ब्राह्मण समाज के बीच संवाद और सामाजिक जुड़ाव बढ़ाने की कोशिश
BJP leader Citu Chauhan Religious Initiatives: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच राजनीतिक दलों ने अभी से अपनी रणनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव में अभी समय है, लेकिन जातीय और सामाजिक समीकरणों को साधने की कवायद शुरू हो चुकी है। अलग-अलग वर्गों और समाजों के बीच राजनीतिक पहुंच बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी सियासी गतिविधि के बीच आगरा के एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र में भगवान महर्षि परशुराम की भव्य प्रतिमा स्थापित कराने की भाजपा नेता सीटू चौहान की घोषणा को भी राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
फिरोजाबाद रोड स्थित राष्ट्रदीप पार्म गैलेक्सी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में सीटू चौहान ने एत्मादपुर क्षेत्र में भगवान महर्षि परशुराम की आकर्षक एवं भव्य प्रतिमा स्थापित कराने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि यह केवल प्रतिमा स्थापना का विषय नहीं है, बल्कि क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को मजबूती देने की पहल है। इससे आने वाली पीढ़ियों को भगवान परशुराम के शौर्य, त्याग, साहस और धर्म की रक्षा के आदर्शों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
सीटू चौहान ने बताया कि प्रतिमा स्थापना के लिए जल्द ही ब्राह्मण समाज के प्रबुद्धजनों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ बैठक की जाएगी। बैठक में समाज के लोगों की राय और सहमति के आधार पर प्रतिमा स्थापना के लिए उपयुक्त स्थान तय किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह घोषणा केवल प्रेस वार्ता तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे जल्द धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि ब्राह्मण समाज अथवा क्षेत्र का कोई व्यक्ति प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि दान करना चाहता है तो उसका स्वागत किया जाएगा। यदि भूमि उपलब्ध नहीं होती है तो वह अपने निजी खर्च से जमीन खरीदेंगे। इसके बाद क्षेत्रवासियों के सहयोग से भगवान महर्षि परशुराम की भव्य प्रतिमा का निर्माण कराकर विधिवत स्थापना कराई जाएगी।
भगवान महर्षि परशुराम को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक बताते हुए उन्होंने कहा कि उनका जीवन अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, न्याय और धर्म की रक्षा करने तथा साहस और समर्पण की प्रेरणा देता है। क्षेत्र में उनकी प्रतिमा स्थापित होना गौरव का विषय होगा। उन्होंने समाज के लोगों से इस पहल में एकजुट होकर सहयोग करने की अपील की।
राजनीतिक दृष्टि से देखें तो विधानसभा चुनाव 2027 से पहले एत्मादपुर में इस तरह की पहल के कई मायने निकाले जा रहे हैं। राजनीतिक दलों और उनसे जुड़े नेताओं के लिए सामाजिक समूहों के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाना रणनीति का हिस्सा बनता जा रहा है। ऐसे में भगवान परशुराम की प्रतिमा स्थापना की घोषणा को ब्राह्मण समाज के बीच संवाद और सामाजिक जुड़ाव बढ़ाने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
हालांकि सीटू चौहान ने अपनी घोषणा को धार्मिक और सांस्कृतिक पहल बताया है, लेकिन चुनावी माहौल से पहले समाज आधारित कार्यक्रमों और प्रतीकात्मक पहलों की बढ़ती सक्रियता ने राजनीतिक चर्चाओं को भी हवा दे दी है। अब देखना होगा कि प्रतिमा स्थापना की घोषणा कितनी जल्दी जमीन पर उतरती है और इसके लिए होने वाली समाज की बैठक में क्या सहमति बनती है।
इस दौरान प्रमोद कुमार उपाध्याय (रामनगर, खंदौली), राकेश शर्मा, अविनाश सिकरवार, बसंत यादव, नवीन परमार, रवेंद्र शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।