आगरा नहर सफाई मामला (सोर्स: नवभारत लाइव)
आगरा

आगरा: नहरों की सफाई में कमीशन का खेल! एक कुर्सी पर दो अधिकारी, कागजों में 500 किलोमीटर की सफाई का दावा

Agra Canal Cleaning Matter: आरोप है विभाग में जिम्मेदारी और जवाबदेही को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। नहरों की सफाई का काम शुरू होने के बाद किसी ने मौके पर उसकी गुणवत्ता की जांच करने की जहमत नहीं उठाई।

प्रदीप कुमार रावत, नमिता प्रजापति

Highlights:

  • 10 करोड़ रुपये के बजट से नहरों, माइनरों और रजवाहों की सिल्ट सफाई पर उठे सवाल

  • किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने पार्क माइनर का काम रुकवाया

  • किसान दिवस में अधिकारियों को घेरने की तैयारी

Agra Commission Game: किसानों को खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए नहरों, माइनरों और रजवाहों की सफाई पर उत्तर प्रदेश सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन आगरा में इस काम की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। किसान नेताओं ने नहर विभाग के अधिकारियों और ठेकेदारों पर मिलीभगत कर सफाई के नाम पर खानापूर्ति करने और सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं। आरोप है कि करीब 500 किलोमीटर क्षेत्र में सिल्ट सफाई और स्क्रैपिंग का काम कागजों में तेजी से चल रहा है, जबकि मौके पर सफाई की हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है।

सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश सरकार की ओर से नहरों, माइनरों और रजवाहों की सफाई के लिए करीब 10 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इतनी बड़ी धनराशि खर्च होने के बावजूद यदि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलता है तो इसका सीधा असर खेती पर पड़ेगा। किसान नेताओं का कहना है कि सफाई के नाम पर चल रही कथित मनमानी से प्रदेश सरकार की छवि भी खराब हो रही है। यही हाल रहा तो किसान आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

एक कुर्सी पर दो अधिकारी, विभागीय व्यवस्था पर सवाल

नहर विभाग में अधिशासी अभियंता की एक ही कुर्सी पर दो अधिकारियों के नाम सामने आने से विभागीय व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। किसान नेताओं ने नीरज कुमार और कर्णपाल सिंह की तैनाती को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि विभाग में जिम्मेदारी और जवाबदेही को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

इतना ही नहीं, नहरों की सफाई का काम शुरू होने के बाद किसी अधिकारी या जनप्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचकर उसकी गुणवत्ता की जांच करने की जहमत नहीं उठाई। सवाल यह है कि करोड़ों रुपये के सरकारी बजट से होने वाले कामों की निगरानी आखिर कौन कर रहा है?

आगरा नहर की सफाई मामला

पार्क माइनर पर किसान नेता ने रुकवाया काम

किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने पार्क माइनर पर चल रहे सफाई कार्य को देखकर नाराजगी जताई और काम बंद करा दिया। उनका आरोप है कि जिस तरह से सफाई कराई जा रही है, वैसी स्थिति उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। उन्होंने एसडीओ पंकज अग्रवाल से फोन पर बातचीत कर सवाल उठाए कि क्या इसी तरीके से माइनर की सफाई कराई जाती है, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

इसके बाद जेई यशपाल सिंह ने भी किसान नेता से फोन पर बातचीत की। श्याम सिंह चाहर ने साफ कह दिया कि जब तक पीछे का काम सही तरीके से नहीं कराया जाता, तब तक आगे सफाई का काम नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से गुणवत्ता के साथ काम कराने की मांग की।

सफाई के नाम पर सड़क पर डाली जा रही जलकुंभी

किसान संतोष कुमार ने भी सफाई कार्य पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि माइनरों से केवल जलकुंभी निकालकर सड़क किनारे डाल दी जा रही है। इससे एक ओर सफाई के नाम पर खानापूर्ति हो रही है, वहीं दूसरी ओर सड़क से गुजरने वाले राहगीरों और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

किसान नेता मुकेश पाठक ने बरौली अहीर गुल से जुड़े माइनर के निर्माण और सफाई कार्य पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि बिना किसी प्रस्ताव के माइनर बना दिया गया और बाद में सफाई के नाम पर केवल औपचारिकता पूरी कर घोटाला किया गया। उन्होंने इस मामले में भी जांच और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।

आगरा नहर की सफाई का मामला

किसान दिवस में अधिकारियों के सामने उठेगा मुद्दा

किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने स्पष्ट किया है कि नहरों, माइनरों और रजवाहों की सफाई में कथित अनियमितताओं का मुद्दा किसान दिवस में अधिकारियों के सामने जोरदार तरीके से उठाया जाएगा। उनका कहना है कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलना चाहिए। यदि सफाई के नाम पर सरकारी धन खर्च होने के बावजूद नहरों में पानी का प्रवाह बाधित रहता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की तय होनी चाहिए।

पार्क माइनर पर काम बंद कराने के दौरान किसान नेता श्याम सिंह चाहर, मुकेश पाठक, संतोष कुमार, राममोहन, विष्णु चौधरी, नरेंद्र सिंह और विकास कुमार सहित अन्य किसान मौजूद रहे।

महादेव ऐप मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, 6 राज्यों के 33 ठिकानों पर छापेमारी

दिल्ली से बिहार, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद और हैदराबाद का हवाई सफर हुआ दोगुना, 15 दिन में 50% तक बढ़ा किराया

जाकिर नाइक के IRF पर तीसरी बार प्रतिबंध क्यों लगा? जानिए 2016 से अब तक क्या-क्या हुआ

असम के काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा, मिनी बस और ट्रक की भिड़ंत में 26 लोगों की मौत

कौन हैं अवीवा बेग, जो सोनिया गांधी की किताब से आईं सुर्खियों में? रेहान वाड्रा से है खास रिश्ता