आगरा में आकाश आनंद की रैली (सोर्स- नवभारत लाइव)
आगरा

आकाश आनंद की हुंकार के बीच खाली कुर्सियों ने बढ़ाई बसपा की चिंता, कभी आगरा में था दबदबा, अब एक भी विधायक नहीं

BSP Agra Political Stronghold: दलितों की राजधानी आगरा में बसपा के सियासी आधार पर सवाल उठने लगे। रविवार को आकाश आनंद के सम्मेलन में खाली पड़ी कुर्सियां राजनीतिक स्थिति को लेकर चर्चा का विषय बन गईं।

प्रदीप कुमार रावत, रवनेश विश्‍वकर्मा

Highlights:

  • आकाश आनंद की सभा में खाली पड़ी रही कुर्सियां

  • 2027 चुनाव से पहले पार्टी मजबूत करना बसपा के लिए चुनौती

  • आगरा की 9 में से 6 सीटों पर था कब्जा, अब खाता भी नहीं खुला

Akash Anand Agra Rally: आगरा कभी बहुजन समाज पार्टी की सियासत का मजबूत गढ़ हुआ करता था। दलितों की राजधानी कहे जाने वाले इस शहर में बसपा का ऐसा राजनीतिक प्रभाव था कि जिले की 9 विधानसभा सीटों में से 6 सीटों पर पार्टी के विधायक हुआ करते थे।

मायावती की सोशल इंजीनियरिंग का ऐसा कमाल था कि दलितों के साथ ब्राह्मण और सर्वसमाज के दूसरे वर्गों के लोग भी हाथी की सवारी करते थे। लेकिन वक्त के साथ सियासी तस्वीर बदलती चली गई। आज हालात यह हैं कि जिस आगरा में कभी बसपा के छह विधायक हुआ करते थे, वहां पार्टी का एक भी विधायक नहीं है।

रविवार को एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के कार्यकर्ता सम्मेलन में खाली पड़ी कुर्सियां भी पार्टी की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर चर्चा का विषय बन गईं।

रविवार को आगरा में आकाश आनंद ने भरी हुंकार

दरअसल, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ ही सभी राजनीतिक दलों ने अपनी सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। कभी प्रदेश की सत्ता पर काबिज रही बहुजन समाज पार्टी भी अपने पुराने राजनीतिक आधार को फिर से मजबूत करने की कोशिश में जुटी है। इसी क्रम में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद रविवार को आगरा पहुंचे।

उन्होंने एत्मादपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस तीनों को निशाने पर लिया। बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक और दलित सम्मान जैसे मुद्दे उठाकर कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की। मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने की अपील भी की, लेकिन सम्मेलन स्थल पर खाली पड़ी कुर्सियां उनके राजनीतिक संबोधन के बीच अलग ही कहानी बयां करती नजर आईं।

30 से घटकर 12.88 प्रतिशत पहुंचा यूपी में मत प्रतिशत

बहुजन समाज पार्टी के राजनीतिक सफर पर नजर डालें तो उत्तर प्रदेश में साल 2007 का विधानसभा चुनाव पार्टी के लिए ऐतिहासिक रहा था। मायावती की सोशल इंजीनियरिंग ने ऐसा राजनीतिक समीकरण बनाया कि बसपा ने 403 में से 206 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी। उस चुनाव में पार्टी का मत प्रतिशत 30.43 रहा था। इसके बाद 2012 के विधानसभा चुनाव में बसपा को 25.91 प्रतिशत वोट मिले और पार्टी 80 सीटों पर सिमट गई। 2017 में मत प्रतिशत 22.23 रहा और सीटें घटकर 19 रह गईं। वहीं 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी का मत प्रतिशत घटकर 12.88 प्रतिशत रह गया और केवल एक सीट पर जीत मिली। 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में बसपा का मत प्रतिशत करीब 9.5 प्रतिशत दर्ज किया गया।

लगातार घटता मत प्रतिशत बसपा के सामने बड़ी चुनौती

राजनीतिक विशेषज्ञों के मुताबिक, लगातार घटता मत प्रतिशत बसपा के सामने बड़ी चुनौती है। साल 2012 में प्रदेश की सत्ता से बाहर होने के बाद पार्टी का राजनीतिक आधार लगातार कमजोर होता चला गया। कभी मायावती के समर्थन में गूंजने वाला नारा 'चल गुंडन की छाती पर, मोहर लगेगी हाथी पर' बसपा की राजनीतिक ताकत का प्रतीक हुआ करता था।

सोशल इंजीनियरिंग के जरिए पार्टी ने दलितों के साथ ब्राह्मण और दूसरे वर्गों को भी अपने साथ जोड़ा था। इसी रणनीति के दम पर अलग-अलग सामाजिक वर्गों के नेता विधायक बने। लेकिन बीते करीब डेढ़ दशक में राजनीतिक परिस्थितियां लगातार बदलीं और बसपा का पुराना समीकरण कमजोर पड़ता चला गया।

कभी 9 में से 6 सीटों पर था कब्जा, अब खाता भी नहीं खुला

आगरा की राजनीति में बसपा का प्रभाव कितना मजबूत था, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिले की 9 विधानसभा सीटों में से 6 सीटों पर पार्टी के विधायक निर्वाचित हुए थे। लेकिन 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने आगरा की सभी नौ सीटों पर जीत दर्ज कर ली। 2022 में भी बसपा अपना खाता नहीं खोल सकी। कभी छह विधायकों के जरिए जिले की राजनीति में प्रभाव रखने वाली पार्टी आज विधानसभा में अपना प्रतिनिधित्व हासिल करने के लिए संघर्ष कर रही है।

सपा के बाद कांग्रेस ने भी दिखाई चुनावी सक्रियता

विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आगरा में राजनीतिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। 15 नवंबर को समाजवादी पार्टी ने आगरा में दलित महासम्मेलन आयोजित कर दलित समाज के बीच अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश की थी। इसके बाद 21 नवंबर को कांग्रेस ने रोहता में कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिए चुनावी बिगुल फूंका। अब रविवार को बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने एत्मादपुर में सम्मेलन कर अपने कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का प्रयास किया।

लेकिन बसपा के इस कार्यकर्ता सम्मेलन में अपेक्षित भीड़ नहीं जुटने से खाली कुर्सियां चर्चा का विषय बन गईं। जिस आगरा से बसपा अपनी राजनीतिक ताकत का संदेश देना चाहती थी, वहीं सम्मेलन में खाली पड़ी कुर्सियां पार्टी के संगठनात्मक आधार को लेकर सवाल खड़े करती नजर आईं।

भाषण में तीनों दलों पर हमला, लेकिन खाली कुर्सियों ने खींचा ध्यान

आकाश आनंद ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार के करीब दस साल के कार्यकाल, बेरोजगारी, महंगाई और पेपर लीक के मुद्दे उठाए। समाजवादी पार्टी को दलित विरोधी बताते हुए उसके पुराने राजनीतिक फैसलों पर सवाल खड़े किए तो कांग्रेस को बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा, सपा और कांग्रेस चुनाव के समय जनता को जातियों में बांटने का काम करती हैं, जबकि महंगाई और बेरोजगारी किसी की जाति देखकर नहीं आती।

उन्होंने मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने की अपील करते हुए आगरा को जन्नत बनाने का वादा भी किया। इसके बावजूद सम्मेलन में खाली कुर्सियों की तस्वीर ने उनके राजनीतिक संदेश के साथ-साथ बसपा के संगठनात्मक आधार को लेकर भी चर्चा छेड़ दी।

बसपा नेताओं का दावा- सर्वसमाज की राजनीति करती है पार्टी

सम्मेलन में मौजूद बसपा कार्यकर्ताओं और नेताओं से जब पार्टी के घटते जनाधार और खाली कुर्सियों को लेकर सवाल किया गया तो उनका कहना था कि दलित समाज भाजपा, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर विश्वास नहीं कर सकता। इन दलों की राजनीति जातिवाद पर आधारित है, जबकि बहुजन समाज पार्टी सर्वसमाज को साथ लेकर चलने की बात करती है। उन्होंने पार्टी की विचारधारा का उल्लेख करते हुए 'सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय' को अपना आधार बताया।

अब बसपा के सामने अपने पुराने गढ़ को बचाने की चुनौती

राजनीतिक रूप से आगरा बसपा के लिए हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। यहां दलित समाज का मजबूत आधार और कभी पार्टी को मिला व्यापक समर्थन उसकी राजनीतिक पहचान का हिस्सा रहा है। लेकिन मौजूदा दौर में पार्टी के सामने केवल दूसरी राजनीतिक पार्टियों पर हमला करने की चुनौती नहीं है, बल्कि अपने पुराने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को फिर से सक्रिय करने का सवाल भी है।

एत्मादपुर के सम्मेलन में खाली कुर्सियों की तस्वीर ने इसी सवाल को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बसपा को अपने पुराने गढ़ में संगठनात्मक ताकत और जनसमर्थन को फिर से जमीन पर उतारने की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में आकाश आनंद की चुनावी हुंकार के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बसपा आगरा में अपना पुराना राजनीतिक प्रभाव वापस हासिल कर पाएगी या खाली कुर्सियों की यह तस्वीर पार्टी के लिए आत्ममंथन का विषय बनेगी?

NEET पेपर लीक में बड़ा एक्शन, NTA के 3 विशेषज्ञों समेत 14 आरोपियों पर आरोप तय; 25 नवंबर से ट्रायल

Kal Ka Mausam: दिल्ली में बढ़ेगी ठिठुरन, 10 डिग्री तक पहुंचेगा पारा; UP-बिहार समेत कई राज्यों में IMD का अलर्ट

400 गाड़ियों का काफिला, 1000 किलो लड्डू और 33 फूड स्टॉल… फिर भी अनंत सिंह के बेटी के तिलक में कम पड़ गया खाना!

राहुल गांधी के इजरायल पर बयान से असहमत हुए तुषार गांधी, बोले- नरसंहार से बड़े नहीं हो सकते रणनीतिक हित

Explainer: भारत में विमानों की कमी क्यों, जब एयरलाइनों ने 1,000 से ज्यादा जेट ऑर्डर कर रखे हैं?