ज्योति सिंह लोधी को SP का टिकट मिला (सोर्स: नवभारत लाइव)
उत्तर प्रदेश

2027 चुनाव से पहले सपा का बड़ा दांव, ललितपुर सदर से ज्योति सिंह लोधी को फिर मिला मौका

Lalitpur Akhilesh Yadav Announces SP Candidate: ज्योति सिंह लोधी ने 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा के टिकट पर ललितपुर सदर सीट से चुनाव लड़ा था जिसमें वो 88,687 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर थीं।

आकाश साहू, नमिता प्रजापति

Highlights:

  • 2017 में 88 हजार से ज्यादा वोट हासिल कर बनी थीं दूसरे नंबर की प्रत्याशी

  • 2022 में संभाली थी समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष की कमान

  • टिकट मिलने पर बोलीं- बहू-बेटी समझकर आशीर्वाद दें, हमेशा जनता के साथ रहूंगी

Jyoti Singh Lodhi Gets SP Ticket for 2027 Election: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है, समाजवादी पार्टी ने ललितपुर सदर विधानसभा सीट से ज्योति सिंह लोधी को अपना प्रत्याशी घोषित कर बुंदेलखंड की राजनीति में एक अहम दांव चला है। पार्टी ने एक बार फिर पुराने चेहरे पर भरोसा जताते हुए उन्हें चुनावी मैदान में उतारने का फैसला किया है। ज्योति सिंह लोधी इससे पहले भी विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं और जिले की राजनीति में अपनी सक्रिय पहचान बना चुकी हैं, ऐसे में उनकी उम्मीदवारी को आगामी चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रत्याशी घोषित होने के बाद ज्योति सिंह लोधी ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आभार जताया। उन्होंने कहा, ''सबसे पहले मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को बहुत-बहुत धन्यवाद देना चाहती हूं कि उन्होंने मुझ पर विश्वास जताया है। ललितपुर की समस्त जनता से हाथ जोड़कर निवेदन है कि अपनी इस बहू-बेटी को आशीर्वाद दें। मुझसे अभी तक जो भी गलतियां हुई हैं, उनके लिए मुझे माफ करें और मेरा साथ दें। मैं हमेशा आपके साथ खड़ी रहूंगी।''

2017 में 88,687 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहीं

ज्योति सिंह लोधी की चुनावी पृष्ठभूमि भी इस सीट पर उनकी दावेदारी को खास बनाती है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने समाजवादी पार्टी के टिकट पर ललितपुर सदर सीट से चुनाव लड़ा था। उस चुनाव में उन्हें 88,687 वोट मिले थे और वह दूसरे स्थान पर रही थीं। भाजपा के रामरतन कुशवाहा ने 1,56,942 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी, जबकि बसपा के संतोष कुशवाहा 55,549 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे। अब करीब एक दशक बाद ज्योति सिंह लोधी एक बार फिर इसी सीट से चुनावी चुनौती पेश करने की तैयारी में हैं।

जिलाध्यक्ष से दोबारा विधानसभा प्रत्याशी तक का सफर

पार्टी संगठन में भी ज्योति सिंह लोधी की अहम भूमिका रही है। जनवरी 2022 में तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सहमति से उन्हें ललितपुर जिले की कमान सौंपते हुए जिलाध्यक्ष नियुक्त किया था। उस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में काम करने की जिम्मेदारी निभाई।

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से हैं परास्नातक

जखौरा ब्लॉक क्षेत्र से संबंध रखने वाली ज्योति सिंह लोधी ने वर्ष 2003 में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी से अर्थशास्त्र विषय में एमए किया है। उनके पति का नाम कल्पनीत सिंह है। चुनावी हलफनामे में उनका पेशा कृषि और पति को राज्य सेवा में कार्यरत बताया गया है।

अब 2027 के चुनाव में उनके सामने 2017 के प्रदर्शन को पीछे छोड़कर जीत हासिल करने की चुनौती होगी। वहीं सपा के इस फैसले से ललितपुर सदर सीट पर चुनावी मुकाबले की तस्वीर और दिलचस्प होने के संकेत हैं। पार्टी के लिए भी यह देखना अहम होगा कि संगठनात्मक अनुभव और पुराने चुनावी जनाधार के दम पर ज्योति सिंह लोधी इस बार कितनी मजबूत चुनौती पेश कर पाती हैं।

एक क्लिक में तुरंत पढ़ें 25 नवंबर 2026 की 10 बड़ी खबरें; देश-दुनिया, खेल-मनोरंजन और भी बहुत कुछ है खास

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: 2021 और 2024 के कानून रद्द, यूपी के कर्मचारियों को मिलेगी पुरानी सेवा की पेंशन

Weather Update: दक्षिण भारत में बारिश, पहाड़ों पर बर्फबारी; दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में कोहरे का अलर्ट

बांग्लादेश पर कब्जे की चेतावनी! हिंदुओं की हत्या पर भड़के बंगाल के मंत्री, बोले- 16 दिसंबर तक होगा हिसाब

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर नहीं जला दीप, पुलिस से भिड़े हिंदू संगठन