Highlights:
अपने नियमों में बड़े बदलाव की तैयारी कर रहा है कर्मचारी भविष्य निधि संगठन
EPFO चाहता है कि SWP के तहत मिलने वाली रकम को कानूनी रूप से पेंशन या एन्युइटी न माना जाए
इसका फायदा यह होगा कि कर्मचारी अपने PF का कुछ पैसा निकाल सकेंगे और बाकी रकम खाते में जमा रहेगी
PF Monthly Pension After Retirement: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन अपने नियमों में बड़े बदलाव की तैयारी कर रहा है। इसके तहत नौकरी से रिटायर होने वाले कर्मचारियों को PF का पूरा पैसा एक साथ निकालने के बजाय हर महीने, तीन महीने या साल में किस्तों के रूप में निकालने की सुविधा मिल सकती है। इस व्यवस्था को सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान नाम दिया गया है।
इसका फायदा यह होगा कि कर्मचारी अपने PF का कुछ पैसा निकाल सकेंगे और बाकी रकम खाते में जमा रहेगी। बची हुई रकम पर ब्याज भी मिलता रहेगा। यानी रिटायरमेंट के बाद भी PF की बचत से नियमित रूप से पैसा मिलता रह सकता है।
EPFO चाहता है कि SWP के तहत मिलने वाली रकम को कानूनी रूप से पेंशन या एन्युइटी न माना जाए। इसके लिए आयकर अधिनियम में बदलाव की मांग की गई है।
EPFO का कहना है कि हर महीने या कुछ समय के अंतराल पर मिलने वाली रकम को व्यक्ति की अपनी PF बचत से की गई निकासी माना जाना चाहिए। इसका मतलब है कि यह पेंशन नहीं, बल्कि पहले से जमा पैसे को धीरे-धीरे निकालने की व्यवस्था होगी।
इस प्रस्ताव को वित्त मंत्रालय के सामने रखने के लिए संबंधित मंत्रालय को जानकारी दे दी गई है। मंजूरी मिलने के बाद इस योजना को लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।
शुरुआत में यह सुविधा उन PF सदस्यों को नहीं मिलेगी, जिनका पैसा एग्जेम्प्टेड PF ट्रस्ट में जमा है।
EPFO एक और बड़ा बदलाव करना चाहता है। इसके तहत PF खाते में पैसा जमा करने के लिए नौकरी और कंपनी से जुड़ा होना जरूरी नहीं रहेगा।
अभी PF खाते में कर्मचारी और नियोक्ता यानी कंपनी दोनों की ओर से योगदान किया जाता है। यह व्यवस्था मुख्य रूप से नौकरी करने वाले लोगों के लिए है।
लेकिन EPFO चाहता है कि रिटायर हो चुके कर्मचारी, गिग वर्कर्स और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोग भी PF खाते में खुद पैसा जमा कर सकें। इससे उन लोगों को भी रिटायरमेंट के लिए बचत करने का मौका मिलेगा, जिनकी हर महीने की कमाई तय नहीं होती।
प्रस्ताव के मुताबिक, PF में योगदान के लिए केवल वेतन पर निर्भर रहने की शर्त खत्म की जा सकती है। इससे गिग वर्कर्स और असंगठित क्षेत्र के मजदूर अपनी कमाई का पैसा सीधे यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) से जुड़े PF खाते में जमा कर सकेंगे।
इतना ही नहीं, ग्राहकों से मिलने वाली टिप्स और कंपनियों से मिलने वाले इंसेंटिव जैसे तीसरे पक्ष के भुगतान को भी PF में जमा करने का रास्ता खुल सकता है।
सालाना 5 लाख रुपये जमा करने की सीमा का प्रस्ताव
EPFO ने यह भी प्रस्ताव दिया है कि जिन लोगों के PF खाते में कंपनी की ओर से कोई योगदान नहीं आता, वे खुद या किसी तीसरे पक्ष की मदद से सालाना अधिकतम 5 लाख रुपये तक जमा कर सकें।
फिलहाल EPFO इस सीमा को बढ़ाकर सरकारी कर्मचारियों के जनरल प्रोविडेंट फंड (GPF) के बराबर करना चाहता है।
अगर ये प्रस्ताव मंजूर हो जाते हैं, तो नौकरीपेशा लोगों के साथ-साथ रिटायर हो चुके कर्मचारियों और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के लिए भी PF के जरिए भविष्य की बचत करना आसान हो सकता है।