Air Purifier Worn Around The Neck: दिल्ली-NCR समेत देश के कई शहरों में बढ़ता वायु प्रदूषण लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। ऐसे में अब बाजार में Wearable Air Purifier यानी गले में पहनकर चलने वाले एयर प्यूरीफायर भी चर्चा में आ गए हैं। बता दें कि ये छोटे डिवाइस पेंडेंट या नेकलेस की तरह गले में पहने जाते हैं और दावा करते हैं कि ये आपके चेहरे के आसपास साफ हवा का एक छोटा क्षेत्र बनाते हैं। इसके लिए भारत में Atovio Pebble और Atovio X जैसे मॉडल इस कैटेगरी में उपलब्ध हैं। वहीं LG PuriCare जैसे इलेक्ट्रॉनिक मास्क भी विकल्प के तौर पर देखे जा सकते हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या ये डिवाइस दिल्ली के जहरीले प्रदूषण में सचमुच राहत दे सकते हैं?
Wearable Air Purifier मुख्य रूप से दो तरह के होते हैं। जिसमें पहली कैटेगरी में फिल्टरलेस आयोनिक पेंडेंट आते हैं जिन्हें गले में पहना जाता है। ये हवा में नेगेटिव आयन छोड़ते हैं जो धूल और प्रदूषण के कुछ कणों से जुड़कर उन्हें आसपास की हवा से हटाने में मदद कर सकते हैं।
साथ ही दूसरी कैटेगरी में इलेक्ट्रॉनिक मास्क आते हैं जिनमें फिजिकल फिल्टर और पंखे लगे होते हैं। उदाहरण के लिए LG PuriCare Wearable में HEPA फिल्टर आधारित सिस्टम दिया गया है। Dyson Zone भी एयर-प्यूरीफाइंग हेडफोन का एक अलग उदाहरण है जिसमें चेहरे के सामने हवा पहुंचाने के लिए विशेष विजर दिया गया है।
भारतीय बाजार में Atovio Pebble और Atovio X जैसे नेकलेस स्टाइल एयर प्यूरीफायर उपलब्ध हैं। जिसको लेकर कंपनी ने बताया है कि Pebble नेगेटिव आयन तकनीक पर काम करता है जबकि X में ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और ऐप के जरिए डिवाइस कंट्रोल करने की सुविधा मिलती है।
इसके अलावा Prana Air Personal Air Purifier और Staywell Necklace Purifier भी इसी कैटेगरी के विकल्प हैं। वहीं Airvida L1 और AirTamer A310 जैसे आयोनिक प्यूरीफायर अंतरराष्ट्रीय बाजार में मौजूद हैं। लेकिन खरीदने से पहले भारत में इनकी उपलब्धता और कीमत की जांच करना जरूरी है।
Atovio Pebble को लेकर कंपनी IIT Kanpur की टेस्टिंग का हवाला देती है। कंपनी की ओर से प्रकाशित फील्ड टेस्ट रिपोर्ट में बताया गया है कि डिवाइस के इस्तेमाल से सांस लेने वाले क्षेत्र में पार्टिकुलेट मैटर में औसतन 43.8% की कमी दर्ज की गई। वहीं तीन परीक्षणों में यह कमी लगभग 38% से 53% के बीच रही।
लेकिन इस आंकड़े को समझना जरूरी है। यह किसी व्यक्ति के स्वास्थ्य पर हुए प्रभाव का परिणाम नहीं बल्कि एक खास परीक्षण परिस्थिति में हवा के कणों में आई कमी का माप है। कंपनी के दूसरे नियंत्रित परीक्षणों के नतीजों को भी सामान्य बाहरी वातावरण की गारंटी नहीं माना जा सकता।
दिल्ली में जब AQI बेहद खराब या गंभीर श्रेणी में पहुंचता है तब केवल Wearable Air Purifier पर भरोसा करना सही नहीं होगा। विशेषज्ञों इसको लेकर कहते है कि खुले वातावरण में हवा लगातार चलती रहती है और प्रदूषित हवा आपके आसपास के छोटे साफ क्षेत्र में दोबारा मिल सकती है।
ऐसे में इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में पर्यावरण विशेषज्ञों ने भी इन डिवाइस की सीमित उपयोगिता को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है। अच्छी फिटिंग वाला प्रमाणित N95 मास्क बारीक प्रदूषण कणों से बचाव के लिए ज्यादा भरोसेमंद विकल्प है। इसलिए Wearable Air Purifier को अतिरिक्त सुविधा के तौर पर देखा जा सकता है लेकिन इसे N95 मास्क या घर के एयर प्यूरीफायर का विकल्प नहीं समझना चाहिए।