

What To Do If Your Phone Gets Damaged By Firecrackers: दिवाली का त्योहार रोशनी और खुशियों के साथ पटाखों की आवाज भी लेकर आता है। लेकिन कई बार आतिशबाजी के दौरान छोटी सी लापरवाही महंगी पड़ सकती है। जिसमें पटाखे की चिंगारी, धुआं, बारूद या तेज धमाके की वजह से स्मार्टफोन, लैपटॉप, ब्लूटूथ स्पीकर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस खराब हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में घबराकर गलत कदम उठाने से नुकसान और बढ़ सकता है। ऐसे में अगर दिवाली पर आपका कोई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पटाखों की वजह से खराब हो गया है तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखकर उसे सुरक्षित रखा जा सकता है।
अगर पटाखे की चिंगारी या धमाके से किसी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को नुकसान पहुंचा है तो
सबसे पहले उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करें।
डिवाइस चालू है तो उसे बंद कर दें।
अगर वह चार्जिंग पर लगा है, तो सुरक्षित तरीके से मेन स्विच या पावर बोर्ड से बिजली की सप्लाई काट दें।
इसमें खासकर स्मार्टफोन और लैपटॉप की बैटरी पर ध्यान देना जरूरी है। अगर बैटरी असामान्य रूप से गर्म हो रही है, फूल गई है या उससे अजीब गंध आ रही है तो डिवाइस का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। ऐसी बैटरी में आग लगने का खतरा हो सकता है। साथ ही खराब डिवाइस को दोबारा चार्ज करने की गलती भी न करें।
पटाखों से निकलने वाला धुआं, राख और बारूद इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के छोटे-छोटे पोर्ट में जमा हो सकता है। इससे स्मार्टफोन का स्पीकर, माइक्रोफोन या चार्जिंग पोर्ट ठीक से काम करना बंद कर सकता है। वहीं अगर केवल बाहर धूल या मिट्टी लगी है तो डिवाइस बंद करके नरम और सूखे ब्रश से बाहरी हिस्से की हल्की सफाई कर सकते हैं। लेकिन पोर्ट के अंदर कोई नुकीली चीज न डालें। पानी या लिक्विड क्लीनर का इस्तेमाल भी न करें। अगर धूल अंदर तक पहुंच गई है तो सर्विस सेंटर से सफाई करवाना बेहतर होगा।
डिवाइस खराब होने पर कई लोग घरेलू नुस्खे अपनाने लगते हैं। लेकिन स्मार्टफोन या लैपटॉप के अंदर तेल, पानी या दूसरी चीजें डालना नुकसानदायक हो सकता है। इसी तरह बिना जानकारी के पेचकस से डिवाइस खोलने की कोशिश भी न करें। वहीं अगर स्क्रीन टूट गई है, बॉडी जल गई है या डिवाइस पर पटाखे का सीधा असर पड़ा है तो उसे जबरदस्ती ऑन न करें। इससे अंदर के दूसरे पार्ट्स भी खराब हो सकते हैं।
अगर डिवाइस में हार्डवेयर से जुड़ी समस्या है तो कंपनी के अधिकृत सर्विस सेंटर पर उसकी जांच करवाएं। वहां टेक्नीशियन बैटरी, डिस्प्ले, मदरबोर्ड और दूसरे जरूरी पार्ट्स की स्थिति जांच सकते हैं। इसके अलावा डिवाइस की वारंटी और इंश्योरेंस पॉलिसी भी देख लें। साथ ही ध्यान रखें कि सामान्य वारंटी में दुर्घटनावश हुए नुकसान का कवर जरूरी नहीं है। इसलिए रिपेयर कराने से पहले कवरेज की शर्तें जरूर समझें। छोटी सी सावधानी आपके महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान को और बड़े नुकसान से बचा सकती है।