GMO AIR Robot Ambulance: रोबोटिक्स की दुनिया तेजी से बदल रही है और जापान से इसका एक दिलचस्प उदाहरण सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां अब इंसानों के लिए नहीं बल्कि ह्यूमनॉइड रोबोट्स की मरम्मत और सर्विसिंग के लिए खास एंबुलेंस तैयार की गई है। रोबोट के खराब होने की जानकारी मिलने पर यह वाहन मौके तक पहुंच सकता है। जरूरत पड़ने पर वहीं मरम्मत की जाएगी और अगर रोबोट को ठीक करना संभव नहीं हुआ तो उसकी जगह दूसरा रोबोट भी उपलब्ध कराया जा सकता है।
इस खास वाहन को जापानी कंपनी GMO AI & Robotics Trading (GMO AIR) ने तैयार किया है। कंपनी ने इसको लेकर बताया है कि यह जापान में ह्यूमनॉइड रोबोट्स की देखभाल के लिए डिजाइन किया गया पहला समर्पित वाहन है। इसका इस्तेमाल सितंबर 2026 से टोक्यो में किया जा रहा है। वहीं बाहर से देखने पर यह काफी हद तक एंबुलेंस जैसी नजर आती है। इसमें रूफ लाइट्स के साथ Humanoid Ambulance की मार्किंग भी दी गई है। लेकिन इसका मकसद किसी इंसान का इलाज करना नहीं बल्कि खराब रोबोट को जल्द से जल्द दोबारा काम पर लगाना है।
इस रोबोट एंबुलेंस की सबसे खास सुविधा के बारे में बताए तो इसका बैकअप सिस्टम कमाल का है। साथ ही वाहन में जरूरत पड़ने पर एक अतिरिक्त ह्यूमनॉइड रोबोट भी ले जाया जा सकता है। अगर इंजीनियर मौके पर खराब रोबोट को ठीक नहीं कर पाता तो उसे वापस ले जाकर उसकी जगह दूसरा रोबोट काम पर लगाया जा सकता है। इससे उन कंपनियों या संस्थानों का काम लंबे समय तक प्रभावित होने से बच सकता है जहां रोबोट लगातार काम कर रहे हों। खराब मशीन को बाद में GMO के शिबुया स्थित कंडिशन ह्यूमनॉइड लैब जैसे रिपेयर बेस पर ले जाया जा सकता है।
यह वाहन असल में एक मोबाइल रोबोट रिपेयर वर्कशॉप की तरह काम करता है। इसमें डायग्नोस्टिक उपकरण, रिपेयर टूल्स और जरूरी स्पेयर पार्ट्स रखे जाते हैं। साथ में एक इंजीनियर भी मौके पर पहुंचता है, जो रोबोट की जांच और मरम्मत कर सकता है। लेकिन अभी के लिए GMO AIR के पास टोक्यो में ऐसी केवल एक एंबुलेंस है और इसकी सर्विस सभी कंपनियों के रोबोट्स के लिए उपलब्ध नहीं है। वहीं शुरुआत में इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से GMO AIR द्वारा तैनात ह्यूमनॉइड रोबोट्स के लिए किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि भविष्य में अगर एयरपोर्ट, फैक्ट्री, होटल और दूसरे कार्यस्थलों पर ह्यूमनॉइड रोबोट्स की संख्या बढ़ती है तो उनकी लगातार मेंटेनेंस भी जरूरी होगी। ऐसे में यह रोबोट एंबुलेंस केवल एक अनोखा प्रयोग नहीं बल्कि रोबोट आधारित भविष्य के लिए जरूरी सर्विस इंफ्रास्ट्रक्चर की शुरुआती झलक भी हो सकती है।