Highlight:
I4C ने WhatsApp Web की सुरक्षा को लेकर नई एडवाइजरी जारी की है।
WhatsApp Web सेशन खुला रहने पर दूसरा व्यक्ति आपके निजी मैसेज पढ़ सकता है।
सिर्फ ब्राउजर बंद करने से WhatsApp Web लॉगआउट नहीं होता है।
WhatsApp Web Safety Tips: आप ऑफिस या किसी दूसरे के कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करते हैं तो थोड़ी सावधानी बरतने की जरूरत है। बता दें कि गृह मंत्रालय के तहत आने वाली इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने WhatsApp Web की सुरक्षा को लेकर नई एडवाइजरी जारी की है। इसमें चेतावनी दी गई है कि कंप्यूटर पर लॉग-इन WhatsApp Web सेशन खुला रहने पर कोई दूसरा व्यक्ति आपके निजी मैसेज पढ़ सकता है। इतना ही नहीं वह आपकी पहचान का इस्तेमाल करके दूसरों को मैसेज भेजने और ठगी करने की कोशिश भी कर सकता है। इसमें सबसे अहम बात यह है कि सिर्फ ब्राउजर बंद करने से WhatsApp Web लॉगआउट नहीं होता है।
I4C की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने 18 नवंबर 2026 को यह एडवाइजरी जारी की है। जिसमें एजेंसी ने बताया है कि किसी कंप्यूटर पर पहले से एक्टिव WhatsApp Web सेशन का गलत इस्तेमाल करके अकाउंट तक अनधिकृत पहुंच बनाई जा सकती है।
बताया जा रहा है कि ऐसा होने पर साइबर अपराधी आपकी निजी बातचीत पढ़ने के साथ कॉन्टैक्ट्स और ग्रुप चैट तक पहुंच सकते हैं। वे आपके WhatsApp अकाउंट से दूसरे लोगों को मैसेज भेजकर पैसे मांगने या फर्जी लिंक भेजने जैसी धोखाधड़ी भी कर सकते हैं। चूंकि मैसेज आपके असली नंबर से आएगा इसलिए सामने वाला व्यक्ति आसानी से भरोसा कर सकता है।
कई लोग WhatsApp Web पर काम खत्म होने के बाद ब्राउजर का टैब या पूरी विंडो बंद कर देते हैं। उन्हें लगता है कि इससे अकाउंट भी लॉगआउट हो गया होगा। लेकिन I4C ने साफ किया है कि ब्राउजर बंद करना मैन्युअल लॉगआउट का विकल्प नहीं है। इसलिए हर बार काम पूरा होने के बाद WhatsApp Web में मेन्यू खोलकर Log Out करें। अगर आपने किसी कंप्यूटर पर लॉगआउट करना भूल गए हैं 0तो अपने फोन से भी एक्टिव सेशन बंद कर सकते हैं।
अपने WhatsApp अकाउंट से जुड़े डिवाइस चेक करना काफी आसान है।
Android: WhatsApp खोलें, ऊपर तीन डॉट पर टैप करें और Linked Devices चुनें।
iPhone: WhatsApp की Settings में जाकर Linked Devices पर जाएं।
यहां आपको जुड़े हुए डिवाइस और उनके सेशन दिखाई देंगे। किसी अनजान डिवाइस पर टैप करके Log Out कर दें।
I4C ने साइबर कैफे, पब्लिक कियोस्क, होटल बिजनेस सेंटर और उधार लिए गए कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगइन करने से बचने की सलाह दी है। सरकारी, वित्तीय और गोपनीय जानकारी भी कंप्यूटर पर WhatsApp Web के जरिए शेयर करने से बचें। वहीं अगर इस्तेमाल करना जरूरी हो तो भरोसेमंद कंप्यूटर पर Incognito या Private Browsing मोड चुनें और काम खत्म होने पर मैन्युअली लॉगआउट करें। इसके अलावा कंप्यूटर और ब्राउजर अपडेट रखें तथा अनजान फाइल और संदिग्ध डाउनलोड से बचें।