Gemma Translator: भाषा की दीवार जल्द ही और छोटी होने वाली है। क्योंकि Google ने Antigravity के साथ मिलकर एक ऐसा AI Translator डिवाइस तैयार किया है जिसे आसानी से जेब में रखा जा सकता है। वहीं इसकी खास बात यह है कि यह आपकी आवाज सुनकर उसे दूसरी भाषा में ट्रांसलेट कर सकता है और अनुवाद को तुरंत सुनाता भी है। इसकी सबसे दिलचस्प बात यह है कि इसके लिए हर बार इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत नहीं पड़ती। यह बातचीत से जुड़ा डेटा क्लाउड सर्वर पर भेजे बिना डिवाइस पर ही प्रोसेस किया जा सकता है।
जानकारी के लिए बता दें कि यह एक ऑफलाइन AI ट्रांसलेटर है जिसमें Gemma 4 E2B नाम के ओपन AI मॉडल का इस्तेमाल किया गया है। इस पूरे सिस्टम को Raspberry Pi 5, माइक्रोफोन और स्पीकर के साथ एक 3D-प्रिंटेड बॉडी में फिट किया गया है। इसका डिजाइन छोटा और पोर्टेबल रखा गया है ताकि इसे यात्रा के दौरान आसानी से साथ ले जाया जा सके। वहीं डिवाइस में आवाज रिकॉर्ड करने से लेकर उसे समझने और दूसरी भाषा में बदलने तक की प्रक्रिया स्थानीय स्तर पर होती है।
इतना ही नहीं आमतौर पर AI ट्रांसलेशन सर्विस में यूजर की आवाज इंटरनेट के जरिए क्लाउड सर्वर तक जाती है। वहां AI मॉडल उसे प्रोसेस करता है और फिर अनुवाद वापस डिवाइस पर भेजा जाता है। इसी वजह से इंटरनेट कनेक्शन जरूरी होता है। लेकिन Gemma Translator का तरीका इससे अलग है। इसमें AI मॉडल सीधे डिवाइस पर रन करता है। इस तकनीक को On-device AI या Edge AI कहा जाता है। इसका फायदा यह है कि नेटवर्क उपलब्ध न होने पर भी डिवाइस लोकल कंप्यूटिंग के जरिए ट्रांसलेशन करने में सक्षम हो सकता है।
इस डिवाइज को लेकर बोला जा रहा है कि यह तकनीक सबसे ज्यादा उन लोगों के काम आ सकती है जो खराब नेटवर्क वाले इलाकों में यात्रा करते हैं। विदेश यात्रा के दौरान स्थानीय भाषा समझने में भी यह उपयोगी हो सकता है। इसके अलावा अस्पताल, कंपनियां और दूसरे संस्थान संवेदनशील बातचीत या डेटा को क्लाउड पर भेजे बिना लोकली प्रोसेस कर सकते हैं। इससे प्राइवेसी के लिहाज से भी फायदा मिल सकता है।
लेकिन ऐसे छोटे ऑन-device AI सिस्टम की वास्तविक स्पीड और ट्रांसलेशन की गुणवत्ता उसके हार्डवेयर, मॉडल और सपोर्टेड भाषाओं पर निर्भर करेगी। फिर भी यह प्रोजेक्ट दिखाता है कि आने वाले समय में AI सिर्फ क्लाउड तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि छोटे-छोटे डिवाइस में भी सीधे काम कर सकेगा।